बिहार में बवाल, राजद नेता की गाड़ी पर फायरिंग, क्या हुआ नेता जी के साथ? जानें पूरा मामला!

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 09 Nov 2025, 06:34 pm
news-banner

बिहार में विधानसभा चुनावों के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां नवादा जिले में एक राजद नेता पर हमला हुआ है। उनकी कार पर 10 राउंड फायरिंग की गई है। आइये पूरा मामला जानते हैं।

नवादा के कादिरगंज थाना क्षेत्र के पाचंबा गांव के पास शनिवार देर रात राजद नेता व मुखिया पति अवधेश महतो की कार पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ 10 राउंड फायरिंग कर दी। इस हमले में उनकी गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उस वक्त अवधेश महतो वाहन में मौजूद नहीं थे, जिससे उनकी जान बच गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।


अवधेश महतो ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ कादिरगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को 10 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर हमलावरों की गिरफ्तारी जल्द नहीं की गई, तो नवादा में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि यह हमला उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने की साजिश के तहत किया गया है।


एनडीए पर हमले की साजिश का आरोप

रविवार को पचोहिया गांव में ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें राजद के नवादा विधानसभा प्रत्याशी और पूर्व विधायक कौशल यादव के साथ अवधेश महतो भी शामिल हुए। बैठक में अवधेश महतो ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि यह हमला एनडीए नेताओं के इशारे पर करवाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी हत्या होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी एनडीए नेताओं पर होगी।


पिछड़ा समाज के सक्रिय नेता माने जाते हैं महतो

पूर्व विधायक कौशल यादव ने कहा कि अवधेश महतो पर यह हमला बेहद गंभीर है। उन्होंने बताया कि कार पर करीब 10 गोलियां चलाई गईं और अगर अवधेश उस समय वाहन में होते, तो परिणाम भयावह हो सकते थे। उन्होंने कहा कि अवधेश महतो गोविंदपुर विधानसभा की प्रत्याशी पूर्णिमा यादव के प्रमुख सहयोगी हैं और कुशवाहा अति पिछड़ा समाज के सक्रिय नेता माने जाते हैं।


पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, कार्रवाई का आश्वासन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। डीएसपी हुलास कुमार ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और क्षतिग्रस्त गाड़ी को जब्त कर थाने लाया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि आवेदन में गोलीबारी की बात दर्ज है और फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


यह भी पढ़ें- बुरका पहनकर करते थे कांड, पुलिस को चल गया पता, फिर जो हुआ, आप कहेंगे- बढ़िया

advertisement image