Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Dec 2025, 11:20 am
यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे ने भीषण तबाही मचा दी। सुबह करीब 3:30 बजे मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में 127 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। मंडल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार अब तक चार शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि शेष मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता लगभग शून्य के बराबर थी। इसी कारण एक के बाद एक सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि कई वाहनों में जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। आग की लपटें उठते ही बसों में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फंसे हुए यात्रियों को जले और क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया। कई घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों को मथुरा जिला अस्पताल, वृंदावन के 100 शैय्या अस्पताल और बलदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत वाले घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया है। प्रशासन के अनुसार 38 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि 39 लोग बलदेव सीएचसी में भर्ती हैं। कानपुर निवासी अमन यादव ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कार से बांके बिहारी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। घने कोहरे के कारण कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। अचानक सामने से आए एक वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी और फिर पीछे से कई वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए।
वहीं हमीरपुर की नसीमा ने बताया कि वह अपने पति के साथ मजदूरी के लिए पानीपत जा रही थीं। उनकी बस सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई, जिसके बाद उसमें तेजी से आग लग गई। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई, लेकिन उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले यमुना एक्सप्रेस वे पर लंबा जाम लग गया। यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर धीरे-धीरे यातायात को सुचारू कराया। मंडल आयुक्त ने बताया कि फिलहाल 10 मौतों की पुष्टि की गई है, जबकि अन्य सूचनाओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी में कोहरा बना आफत, 20 गाड़ियां टकराईं, पांच की मौत तो दर्जनों हुए घायल