गाजियाबाद के केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 12 दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू, 3 किमी दूर से दिखाई दिया धुआं

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 20 May 2026, 06:42 pm
news-banner

गाजियाबाद के बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित केमिकल फैक्ट्री में बुधवार को भीषण आग लग गई। 12 दमकल गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

गाजियाबाद के बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर बाहर भागे। आग इतनी भयानक थी कि उससे उठता काला धुआं करीब 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। फ्लाईओवर से गुजर रहे लोगों ने घटना के वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त फैक्ट्री में 11 कर्मचारी मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शाम करीब 4:02 बजे फायर विभाग को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही घंटाघर कोतवाली से पांच दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, मोदीनगर और नोएडा से भी सात अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। कुल 12 दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया। आग पर काबू पाने के लिए वाटर ब्राउजर और फोम टैंकर का इस्तेमाल किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पा लिया। हालांकि देर शाम तक कूलिंग का काम जारी रहा ताकि दोबारा आग न भड़क सके।


केमिकल ड्रमों में धमाके से मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के दौरान फैक्ट्री में रखे केमिकल और सॉल्वेंट से भरे ड्रम तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय एक ड्रम से दूसरे ड्रम में केमिकल ट्रांसफर किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क गई। आग लगने के बाद कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग के अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या फिर केमिकल ट्रांसफर के दौरान किसी तकनीकी लापरवाही के कारण हादसा हुआ। प्रशासन ने फैक्ट्री के सुरक्षा इंतजामों की भी जांच शुरू कर दी है।


यह भी पढ़ें- प्रयागराज में सिविल लाइंस के होटल विट्ठल में भीषण आग, मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां

advertisement image