Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Apr 2026, 07:11 pm
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मानवता को शर्मसार करते हुए एक शख्स ने दो मासूम बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। शाहपुर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले आरोपी ने टॉफी देने के बहाने 7 साल की बच्ची और उसकी 4 साल की चचेरी बहन को अपने कमरे में बुलाया और उनके साथ अश्लील हरकतें की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कमरे में बुलाकर की अश्लील हरकत
जानकारी के मुताबिक, संतकबीरनगर जिले की रहने वाली एक महिला शाहपुर इलाके में किराए के मकान में रहकर घरों में बर्तन-चौका कर अपना गुजारा करती है। उसके साथ उसकी भाभी और बच्चे भी रहते हैं। इसी मकान में गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र का रहने वाला 28 वर्षीय आकाश कुमार भी किराए पर रहता था और मजदूरी करता था। शनिवार रात करीब 8 बजे जब घर के लोग अपने कामों में व्यस्त थे, तभी आकाश ने दोनों बच्चियों को टॉफी का लालच दिया और उन्हें अपने कमरे में ले गया। आरोप है कि कमरे में ले जाकर उसने बड़ी बच्ची के कपड़े उतारकर उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की। बच्ची किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। जब मां अपनी भाभी के साथ आरोपी के कमरे की तरफ भागी, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोपी वहां 4 साल की मासूम के साथ भी दरिंदगी की कोशिश कर रहा था। महिलाओं को आता देख आरोपी उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गया।
शादीशुदा है आरोपी, पत्नी के मायके जाते ही दिखाई असलियत
स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी आकाश शादीशुदा है और उसकी खुद की भी 6 साल की एक बेटी है। वह आमतौर पर बहुत शांत रहता था, जिसकी वजह से किसी को उस पर कभी शक नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि एक हफ्ते पहले ही उसने अपनी पत्नी और बेटी को मायके भेजा था। घर में अकेला होने का फायदा उठाकर उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों का प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात ही दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।