यूपी में 8वीं की छात्रा के गजब कांड, घरवालों को नींद की दवा खिलाकर प्रेमी से मिलने जाती थी लड़की, पूरा मामला जान दंग रह जाएंगे आप!

Curated By: | Hindi Now Uttar Pradesh • 11 Jan 2026, 11:10 am
news-banner

गोरखपुर में 8वीं की छात्रा माता-पिता को नींद की दवा देकर प्रेमी से मिलने जाती थी। रंगेहाथ पकड़े जाने पर मामला सामने आया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू की है।

गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 साल की नाबालिग छात्रा अपने माता-पिता और दादी के खाने में नींद की दवा मिलाकर उन्हें सुला देती थी। इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाले 22 साल के युवक से मिलने चली जाती थी। परिजनों को शक होने पर जब उन्होंने सोने का नाटक किया, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।


खाने के बाद आती थी गहरी नींद, ऐसे हुआ शक
गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली इस नाबालिग के पिता मुंबई में पेंटिंग का काम करते हैं। करीब एक माह पहले जब वह घर लौटे, तो बेटी के व्यवहार में अचानक बदलाव नजर आया। वह देर-देर तक मोबाइल पर बात करती थी और अक्सर घर से गायब रहने लगी थी। पिता ने डांट-फटकार भी लगाई, लेकिन हालात नहीं सुधरे। इसी बीच पिता को यह भी महसूस हुआ कि रोज रात के खाने के बाद उन्हें असामान्य रूप से तेज नींद आने लगती है। यही हालत पत्नी और बुजुर्ग मां की भी थी। परिवार ने आपस में बात की, लेकिन बेटी चुप रही। इसके बाद पिता को उस पर शक गहराने लगा।


सोने का नाटक कर बेटी को रंगेहाथ पकड़ा
पिता ने पुलिस को बताया कि 3 जनवरी की रात उन्होंने पत्नी के साथ मिलकर योजना बनाई। खाना आने के बाद दोनों ने खाना नहीं खाया और अपने कमरे में जाकर सोने का नाटक करने लगे। रात करीब 11:30 बजे हलचल की आवाज सुनाई दी। चुपचाप बाहर निकलकर देखा तो बेटी शॉल ओढ़े घर से निकल रही थी। माता-पिता उसका पीछा करते हुए करीब 200 मीटर दूर पहुंचे, जहां वह पड़ोस में रहने वाले युवक के घर के अंदर गई। युवक उसे कमरे में ले गया, तभी माता-पिता ने दरवाजा खोलकर दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया।


प्रेमी ने दिया था दवा मिलाने का आइडिया
पिता के अनुसार पूछताछ में बेटी ने बताया कि वह एक साल से अधिक समय से पड़ोसी युवक के संपर्क में थी। युवक पेंट-पॉलिश का काम करता है और उसी ने उसे खाने में नींद की दवा मिलाने का तरीका बताया था। दवा भी वही युवक लाकर देता था। 4 जनवरी को गांव में पंचायत हुई, जिसमें युवक ने माफी मांगकर आगे ऐसा न करने की बात कही, लेकिन इसके बाद भी संपर्क जारी रहा। जब परिजनों ने दोबारा शिकायत की, तो युवक ने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। इसके बाद पिता ने गुलरिहा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शनिवार को पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।


यह भी पढ़ें- सौ की स्पीड में दौड़ रही थी ट्रेन, अचानक पटरी पर कूद गए युवक-युवती, मौके का नजारा देख कांप गया हर कोई, जानें पूरा मामला!

advertisement image