गोरखपुर में 8 साल की बच्ची से हैवानियत, रेप के बाद हालत नाजुक, शादी में गई थी दादी के मायके, घर से चंद दूरी पर मिली खून से लथपथ

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 21 Feb 2026, 01:04 pm
news-banner

गोरखपुर के पीपीगंज क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान लापता हुई 8 साल की बच्ची गंभीर हालत में मिली। पुलिस ने ड्रोन फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है। बच्ची का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।

गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। आठ साल की बच्ची, जो अपनी दादी के मायके एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी, अचानक लापता हो गई और कुछ घंटों बाद खून से लथपथ हालत में मिली। घटना शनिवार तड़के की बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, बच्ची सिद्धार्थनगर की रहने वाली है और दादी के साथ गांव आई थी। जयमाला कार्यक्रम के बाद करीब साढ़े 11 बजे वह अचानक नजर नहीं आई। परिवार और गांव के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में ड्रोन से की गई वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाली गई तो वह गांव के ही एक युवक के साथ जाती दिखाई दी। देर रात शादी स्थल से करीब 200 मीटर दूर सुनसान जगह पर बच्ची गंभीर हालत में पाई गई।


ड्रोन फुटेज से मिला सुराग, आरोपी गिरफ्तार

परिवार ने बताया कि जब काफी देर तक बच्ची नहीं मिली तो समारोह की ड्रोन रिकॉर्डिंग देखी गई। उसमें आरोपी अशोक निषाद उर्फ टुनटुन (22) बच्ची के साथ जाता दिखाई दिया। इसके बाद गांव के लोग और परिजन उसे खोजने में जुट गए। करीब 200 मीटर दूर एक सुनसान स्थान पर बच्ची घायल अवस्था में मिली। आनन-फानन में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस को तड़के 3 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी।


पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज, पुलिस जांच जारी

पीड़ित बच्ची के बाबा की तहरीर पर पुलिस ने रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


यह भी पढ़ें- लखनऊ में नीट की छात्रा से कैब ड्राइवर ने किया रेप, लड़की हुई प्रेगनेंट तो कर दिया बड़ा कांड, जानें पूरा मामला

advertisement image