Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Apr 2026, 01:40 pm
हमीरपुर जिले में नेशनल हाईवे-34 पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। छिरका के पास डंपर और मारूति वैन की आमने-सामने टक्कर में चार बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी मौदहा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
बरात के दौरान हुआ हादसा, वैन के उड़े परखच्चे
जानकारी के अनुसार कुरारा थाना क्षेत्र के ग्राम डामर से कुशवाहा समाज की बरात महोबा जिले के ग्राम खड्डी पहरा जा रही थी। बरात में शामिल कुछ लोग मारूति वैन से यात्रा कर रहे थे। जैसे ही वैन छिरका के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में उर्दना निवासी मोहन (20), तिंदुही निवासी आशीष (30), डामर निवासी कमलेश और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की जांच
इस हादसे में रोहित (19), दिलीप (24) और बाबूजी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडे और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद गांवों में पसरा मातम
बरात में शामिल लोगों की अचानक हुई मौत से गांवों में शोक का माहौल है। जो लोग खुशी के मौके पर शामिल होने निकले थे, वे हादसे का शिकार हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने की बात कही है और हादसे को लेकर हर पहलू की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में तेज रफ्तार का कहर, कार नें बाइकों को मारी टक्कर, चार की मौत, कार चालक समेत दो घायल