हापुर में दिल दहला देने वाली वारदात, प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, BJP जिला मंत्री समेत 8 पर FIR

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 12 May 2026, 04:38 pm
news-banner

हापुड़ के पिलखुआ में प्रॉपर्टी डीलर अतुल तोमर की कार रोककर गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रॉपर्टी विवाद को लेकर भाजपा नेता समेत 8 लोगों पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

हापुड़ में सोमवार देर रात प्रॉपर्टी डीलर अतुल तोमर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात पिलखुआ क्षेत्र के रिलायंस रोड पर हुई, जहां बदमाशों ने कार रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अतुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने भाजपा नेता समेत 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


कार रुकवाकर बरसाईं गोलियां
गालंद गांव निवासी अतुल तोमर सोमवार रात गाजियाबाद के भोजपुर में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे कुछ बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया और शीशा नीचे करने का इशारा किया। जब अतुल ने शीशा नहीं खोला तो आरोपियों ने कार का शीशा तोड़ दिया और फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली अतुल के सीने में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।


पुराने प्रॉपर्टी विवाद में हत्या का आरोप
परिजनों के मुताबिक अतुल का गांव के ही कुछ लोगों से एक प्लॉट को लेकर पिछले तीन साल से विवाद चल रहा था। मृतक की मां मधु तोमर ने आरोप लगाया कि गांव के मंजीत, भाजपा जिला मंत्री नवीन तोमर, ब्रजमोहन और श्रीपाल उर्फ पप्पू लगातार उनके बेटे को धमकी दे रहे थे। शादी समारोह में भी आरोपियों और अतुल के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने बाइक से पीछा कर वारदात को अंजाम दिया।


भाजपा नेता समेत 8 लोगों पर केस
पुलिस ने मामले में भाजपा नेता सहित 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी मंजीत समेत अन्य की तलाश जारी है। परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए कहा है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।


पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रॉपर्टी और पैसों के विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के ठिकानों की जांच कर रही है। मुख्य आरोपी मंजीत के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


यह भी पढ़ें- यूपी में साइको किलर का एनकाउंटर, 24 घंटे में किए थे तीन हत्याएं, इस बीमारी से जूझ रहा था किलर

advertisement image