होली से पहले यूपी में बड़ा हादसा, त्योहार मनाने जा रहे पति-पत्नी समेत 6 की मौत, यमुना एक्सप्रेस वे पर कार और बस की भीषण टक्कर ने छीन ली खुशियां

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Mar 2026, 12:16 pm
news-banner

हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस ने ईको वैन को टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोगों की मौत और 7 घायल हुए। सभी होली पर घर जा रहे थे। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के हाथरस में यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 141 के पास गोरखपुर जा रही एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन आगरा और तीन राजस्थान के धौलपुर जिले के रहने वाले थे। सभी लोग होली का त्योहार मनाने अपने घर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन करीब 10 फीट दूर उछलकर गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।


ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, सड़क पर मची चीख-पुकार

पुलिस के मुताबिक तड़के करीब 4:15 बजे तेज रफ्तार बस चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी बस अनियंत्रित होकर वैन से जा टकराई। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत खंदौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से तीन लोगों को आगरा रेफर कर दिया गया। हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुआ।


राजस्थान और आगरा के परिवारों पर टूटा दुख का पहाड़

ईको वैन में कुल 13 लोग सवार थे, जो दिल्ली से धौलपुर के राजाखेड़ा क्षेत्र जा रहे थे। मृतकों में विजय (27), उनकी पत्नी पिंकी (26), नाथू देवी (35) आगरा के शमशाबाद क्षेत्र के निवासी थे। वहीं दिनेश (55), उनकी पत्नी सुनीता (51) और लोकेश (35) धौलपुर जिले के रहने वाले थे। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने बस चालक, परिचालक सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना बताया जा रहा है।


यह भी पढ़ें- महाकाल के दर्शन कर लौट रहे यूपी के चार दोस्तों की मौत, कोटा में ट्रक में घुसी कार, हादसे की खबर मिलते ही फफक पड़े परिवार

advertisement image