Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 13 Dec 2025, 07:58 pm
वाराणसी के शिवपुर इलाके में 11 दिसंबर को एक महिला आंगनबाड़ी वर्कर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल एक दंपती को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मृत महिला और आरोपी युवक के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। आरोपी का दावा है कि महिला उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाती थी और इसके बदले पैसे भी देती थी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि महिला उसे लगातार धमकाती थी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगा तो उसे जान से मार देगी या पुलिस में फंसा देगी। इस दबाव और मानसिक प्रताड़ना से वह काफी परेशान था। अंततः उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर महिला की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने इस मामले के खुलासे के लिए करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी की पहचान उसके जूतों के जरिए हुई, जो घटनास्थल के आसपास कैमरों में कैद हुए थे।
घटना 11 दिसंबर की सुबह शिवपुर के लच्छिमनपुर इलाके में सामने आई थी। महिला की खून से लथपथ लाश उसके घर के एक कमरे में मिली थी। महिला के पति ने पुलिस को बताया था कि घटना के समय उसकी पत्नी घर में अकेली थी। वह रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे दूध के पैकेट लेने के लिए घर से निकला था। जाते समय उसकी पत्नी घर में झाड़ू लगा रही थी। सुबह करीब दस बजे जब वह लौटा तो घर का दरवाजा खुला था और पत्नी कहीं दिखाई नहीं दी।
घर के अंदर एक कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। जब उसने दरवाजा खोला तो अंदर पत्नी की खून से सनी लाश पड़ी हुई थी। पति के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस को महिला का मोबाइल फोन शव के पास ही मिला। पति की मदद से मोबाइल का लॉक खोलने पर पुलिस को कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि हत्या के बाद आरोपी ने महिला की खून से सनी हालत में फोटो खींची थी और फिर मोबाइल को वहीं छोड़कर फरार हो गया था। महिला बनारस के खजुरी केंद्र पर आंगनबाड़ी वर्कर के रूप में तैनात थी। उसका मायका भी उसी क्षेत्र में था, हालांकि वह अपने पति के साथ लच्छिमनपुर में रहती थी। दोनों की शादी करीब दस साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी।
पुलिस ने घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और कई लोगों के फिंगरप्रिंट सैंपल भी लिए। महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले थे। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई थीं। जांच के बाद पुलिस ने मोहित यादव और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी नीतू कादयान ने बताया कि मोहित पहले आंगनबाड़ी वर्कर के घर के पास किराए पर रहता था, तभी दोनों के बीच संबंध बने थे। करीब एक साल पहले मोहित ने अंजलि से प्रेम विवाह कर लिया था, जिसका महिला ने विरोध किया था। इसके बाद दंपती वहां से दूसरी जगह रहने चले गए, लेकिन महिला लगातार मोहित को धमकाती रही।
आरोपी के अनुसार महिला उसे बार-बार शारीरिक संबंध के लिए मजबूर करती थी और मना करने पर जान से मारने की धमकी देती थी। इसी से तंग आकर उसने पत्नी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। घटना वाले दिन दंपती ने पहले रेकी की और फिर दही लेने के बहाने घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को लूट का रूप देने के लिए गहने और नकदी भी उठाई और मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- मुस्लिम परिवार ने हिंदू भाईयों को दी दावत तो मौलाना खफा, जारी किया ऐसा फरमान, जानकर आप भी कहेंगे- समाज को बांटने का काम