पूरे यूपी में हाई अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, क्यों लिया गया फैसला?

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Dec 2025, 12:47 pm
news-banner

बाबरी मस्जिद की बरसी को लेकर पूरे यूपी में हाई अलर्ट है। यहां अयोध्या से लेकर वाराणसी तक चप्पे-चप्पे में पुलिस फोर्स व कमांडों तैनात कर दिए हैं। आइए पूरा अपडेट जानते हैं।

6 दिसंबर को लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। 1992 में इसी दिन अयोध्या में विवादित ढांचा गिराया गया था, इसलिए राज्यभर में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। अयोध्या में राम मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा घेरा और मजबूत किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है, आने-जाने वालों को रोककर चेकिंग की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से पूछताछ जारी है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।


होटलों में ठहरे लोगों का डाटा भी एकत्र किया जा रहा है, ताकि किसी बाहरी आगंतुक की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। शहर में वाहनों को रोककर उनकी डिक्की की तलाशी ली जा रही है। वाराणसी में भी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मंदिरों और घाटों पर पुलिस, बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड की टीमें सक्रिय हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर कमांडो तैनात किए गए हैं। मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान, शाही ईदगाह और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भी लगातार गश्त की जा रही है।


अयोध्या में प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि कोई भी संगठन या व्यक्ति न तो शौर्य दिवस और न ही काला दिवस मनाए। SP चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी होटलों और धर्मशालाओं में ठहरने वाले श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा रहा है। पुलिस टीमें घाटों और शहर के अन्य हिस्सों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष टीमें तैनात की गई हैं। लखनऊ, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, कानपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।


वाराणसी में DCP क्राइम सरवनन टी. ने बताया कि कमिश्नरेट के सभी जोन में हाई अलर्ट जारी है। वाराणसी सिटी, वाराणसी जंक्शन और बनारस रेलवे स्टेशन पर गहन चेकिंग की जा रही है। सभी 84 घाटों पर पेट्रोलिंग टीमें तैनात हैं। अस्सी घाट, नमो घाट और दशाश्वमेध घाट पर शाम की आरती के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी। RPF और GRP के साथ बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड रेलवे स्टेशन पार्किंग में तलाशी अभियान चला रहे हैं। बस स्टैंड, काशी विश्वनाथ मंदिर, काल भैरव मंदिर और संकटमोचन मंदिर में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।


यह भी पढ़ें- 'देश के लोगों को जहर पिला रही भाजपा सरकार' SIR के मुद्दे पर जमकर बरसे अजय राय

advertisement image