होली से पहले कानपुर से 350 स्पेशल बसें, लखनऊ से हर 15 मिनट तो दिल्ली व गोरखपुर के के लिए हर 30 मिनट से बसें, 10 मार्च तक मिलेगी सुविधा

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Feb 2026, 01:38 pm
news-banner

होली के मद्देनजर कानपुर रीजन में परिवहन निगम ने 28 फरवरी से 10 मार्च तक स्पेशल बसें चलाने का निर्णय लिया है। दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर समेत प्रमुख रूटों पर हर 30 मिनट में बसें उपलब्ध रहेंगी। कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर विशेष व्यवस्था की गई है।

होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (परिवहन निगम) ने शहर से विभिन्न रूटों पर होली स्पेशल बसें चलाने का फैसला किया है। 28 फरवरी से 10 मार्च तक अधिक भीड़ वाले मार्गों पर अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान बाहर नौकरी और पढ़ाई करने वाले लोग बड़ी संख्या में अपने घर लौटते हैं, ऐसे में यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए पहले से ही तैयारी पूरी कर ली गई है। कानपुर रीजन में संचालित लगभग 750 बसों में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें जोड़ी गई हैं।


दिल्ली, लखनऊ समेत प्रमुख रूटों पर हर 30 मिनट में बस

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक के मुताबिक दिल्ली, गोरखपुर, आगरा, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी रूट पर यात्रियों को हर 30 मिनट में बस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। खासतौर पर लखनऊ, कानपुर और दिल्ली के बीच सबसे ज्यादा भीड़ रहती है, इसलिए इन मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी रूट पर अचानक यात्री संख्या बढ़ती है तो वहां अतिरिक्त रोडवेज बसें तुरंत लगाई जाएंगी, ताकि यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े।


डिपो अधिकारियों की ड्यूटी तय, छुट्टियां निरस्त

स्पेशल बसों के सुचारु संचालन के लिए मंडल के विभिन्न डिपो के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। 28 फरवरी से 10 मार्च तक परिवहन निगम के कर्मचारियों की होली की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई हैं। चालक और परिचालकों की शिफ्ट तय कर दी गई है, ताकि किसी भी समय बसों की उपलब्धता में बाधा न आए।


बस अड्डों पर विशेष निगरानी, यात्रियों को राहत

होली के दौरान बस अड्डों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ प्रबंधन और समयबद्ध संचालन पर खास ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि इस बार यात्रियों को बसों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा और वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। परिवहन निगम ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिकृत काउंटर से ही टिकट लें और यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, ताकि त्योहार का सफर सुरक्षित और सुगम बना रहे।


यह भी पढ़ें- बुरे फंसे बसपा विधायक, घर से मिला 11 करोड़ कैश, महंगी घड़ियों समेत करोड़ों के जेवर बरामद, 1 हजार करोड़ टैक्स चोरी का आरोप, दूसरे दिन रेड जारी

advertisement image