Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Jul 2025, 11:39 am
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां सब्जी में नमक कम होने पर एक युवक ने अपनी पांच महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। पति ने पहले पत्नी को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और फिर उसे घर की छत से नीचे फेंक दिया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर सास मौके पर पहुंची और तुरंत घायल को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना ढोलना थाना क्षेत्र के नगला ढक गांव की है। 26 वर्षीय मृतका ब्रजमाला की शादी 7 साल पहले रामशरण उर्फ रामू से हुई थी। दोनों का तीन साल का एक बेटा भी है। मृतका के चचेरे भाई राकेश ने बताया कि रामू अक्सर छोटी-छोटी बातों पर पत्नी को मारता-पीटता था। बुधवार को ब्रजमाला ने आलू की सब्जी बनाई थी, जिसमें नमक कम होने पर रामशरण आगबबूला हो गया। उसने पहले उसे पीटा और फिर छत से धक्का दे दिया। ब्रजमाला सिर के बल गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी सास मीरा देवी ने पड़ोसियों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां चार घंटे इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद रामशरण फरार हो गया था, लेकिन देर रात गांव वालों ने उसे गांव के बाहर एक खाली मकान में छिपा हुआ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
ब्रजमाला के पिता और भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। घर में मां शांति देवी और भाभी मीना हैं। उसकी बड़ी बहन अर्चना की शादी ढोलना क्षेत्र के ही सिसइया नगला गांव में हुई है।
एएसपी राजेश भारती ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच नमक को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पति ने उसे पीटकर छत से फेंक दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- आपको टच करना चाहता हूं.. दारोगा ने दहेज पीड़िता से की गंदी डिमांड! एसपी ने लिया एक्शन, जानकर कहेंगे बढ़िया किया..