खूफिया विभाग के अफसर और उनकी बहन की मिली लाश, क्या है राज?

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 01 Aug 2025, 11:06 am
news-banner

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आईबी ऑफिसर और उनकी बहन की लाश बंद कमरे में मिली है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। आइये पूरा मामला जानते हैं।

गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित गोविंदपुरम इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बंद कमरे में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अफसर और उनकी बहन की लाश मिली है। दोनों शवों से सल्फॉस की तेज दुर्गंध आ रही थी और कमरा अंदर से बंद था। जब यह घटना हुई, उस समय उनकी मां घर से बाहर थीं। शाम को जब मां वापस लौटीं तो उन्होंने देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उन्होंने खिड़की से झांका तो देखा कि बेटा और बेटी दोनों जमीन पर अचेत अवस्था में पड़े हैं। उन्होंने पड़ोसियों की मदद ली और वेल्डिंग मिस्त्री बुलाकर दरवाजा कटवाया। दरवाजा खुलते ही दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतक अविनाश कुमार सिंह इंटेलिजेंस ब्यूरो के दिल्ली कार्यालय में कार्यरत थे, जबकि उनकी बहन अंजली (23) पढ़ाई कर रही थीं। उनका परिवार गोविंदपुरम कॉलोनी के मकान संख्या एच-352 में पिछले 20 साल से रह रहा था। पिता सरकारी नौकरी में गोवा में तैनात हैं, जबकि मां, बेटा और बेटी गाजियाबाद में साथ रहते थे। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों ने आत्महत्या की है या कोई अन्य कारण है। सल्फॉस की दुर्गंध से यह आशंका जरूर जताई जा रही है कि उन्होंने जहर खाया होगा। हालांकि पुलिस अभी दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।


पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और तफ्तीश शुरू कर दी है। परिवार की ओर से किसी तरह की पुलिस कार्रवाई की मांग नहीं की गई है। मां अपने बेटे और बेटी की मौत से गहरे सदमे में हैं और कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि इस रहस्यमयी घटना की असली वजह सामने आ सके। पुलिस हर संभव पहलू से जांच कर रही है और फिलहाल इस मामले में कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकला है।

यह भी पढ़ें- नशेबाज कॉन्सटेबल, पंजाबी गाने पर झूमते हुए पी रहा था हुक्का, फिर हुआ वो जो सोचा भी न था

advertisement image