Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 08 Mar 2026, 11:04 pm
अहमदाबाद। भारत ने टी–20 क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी–20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कीवी टीम को बड़े अंतर से हराया। इस जीत के साथ भारत लगातार दो बार टी–20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम भी बन गया है। इतना ही नहीं, टी–20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी मेजबान टीम ने खिताब अपने नाम किया है। मैच खत्म होते ही स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शक खुशी से झूम उठे और पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया।
फाइनल में भारतीय बल्लेबाजों का तूफान, बना रिकॉर्ड स्कोर
रविवार को खेले गए इस फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए कीवी गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी–20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया। भारतीय पारी की सबसे बड़ी झलक संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी रही। उन्होंने 46 गेंदों में 89 रन बनाकर टी–20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनके अलावा ईशान किशन ने 54 रन और अभिषेक शर्मा ने 52 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मैच के आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने भी आक्रामक अंदाज दिखाते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन ठोक दिए। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए।
भारतीय गेंदबाजों के सामने ढेर हुई न्यूजीलैंड टीम
256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए कीवी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। हालांकि टिम साइफर्ट ने 52 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके। नतीजा यह रहा कि पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने बड़े अंतर से मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। रनों के लिहाज से यह टी–20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी हार भी साबित हुई। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ियों और फैंस के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला।