Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 18 Mar 2026, 12:26 pm
इंदौर में बुधवार तड़के एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में इलेक्ट्रिक कार Tata Punch EV को चार्ज करते समय शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसने देखते ही देखते तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी गर्भवती बहू समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में 6 लोग बिहार के किशनगंज से आए रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
सिलेंडर धमाकों से बढ़ी तबाही, बाहर निकलने का मौका नहीं मिला
पुलिस के मुताबिक, कार में लगी आग घर तक फैल गई और अंदर रखे गैस सिलेंडरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। एक के बाद एक कई सिलेंडर फटने से जोरदार धमाके हुए, जिससे मकान का एक हिस्सा ढह गया। आग लगने के दौरान बिजली सप्लाई बंद हो गई, जिससे घर में लगे डिजिटल लॉक काम नहीं कर पाए। अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। बताया जा रहा है कि घर में 10 से ज्यादा सिलेंडर और ज्वलनशील केमिकल भी मौजूद थे, जिससे आग और भयावह हो गई।
रिश्तेदार इलाज के लिए आए थे, हादसे में खत्म हुआ पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, बिहार के किशनगंज निवासी विजय सेठिया जबड़े के कैंसर के इलाज के लिए परिवार के साथ इंदौर आए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया और उनकी पत्नी, बेटे समेत कई परिजनों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई। एक राहगीर ने आग देखी और शोर मचाया, जिसके बाद कुछ लोग बाहर निकल पाए, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए।
फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची, जांच के आदेश
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में चार्जिंग पॉइंट पर विस्फोट से आग लगने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है। वहीं कैलाश विजयवर्गीय ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि EV के बढ़ते इस्तेमाल के बीच यह अलार्मिंग स्थिति है। उन्होंने विशेषज्ञ समिति बनाकर जांच और भविष्य के लिए एसओपी तैयार करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें- यूपी के मुरादाबाद में बड़ा हादसा, ईंटों से भरी ट्रैक्ट्रर-ट्राली में घुसी कार, 4 की मौत से मचा मातम, दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुआ हादसा