ईरान ने इजराइल के केमिकल प्लांट पर किया हमला, जहरीले रिसाव की चेतावनी, लोगों को घर में रहने और खिड़कियां बंद रखने के आदेश

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Mar 2026, 07:41 am
news-banner

इजराइल के केमिकल प्लांट पर ईरान के मिसाइल हमले के बाद आग लग गई। जहरीले रिसाव का खतरा बना है। खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ने से तेल की कीमतों में उछाल आया है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने दक्षिणी इजराइल के एक केमिकल प्लांट पर मिसाइल हमला किया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह हमला बीयरशेवा के पास नियोत होवाव इंडस्ट्रियल जोन में हुआ, जहां खतरनाक रसायनों की मौजूदगी के कारण आग लगने के बाद जहरीले रिसाव का खतरा भी पैदा हो गया है।


केमिकल प्लांट में आग, लोगों को घरों में रहने की सलाह

हमले के बाद प्लांट में भीषण आग लग गई। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत आसपास के लोगों को घरों में ही रहने और खिड़कियां-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी है। अधिकारियों के मुताबिक, प्लांट में मौजूद रसायन स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकते हैं, इसलिए एहतियात बेहद जरूरी है। इस हमले में एक व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब क्षेत्र में पहले से ही तनाव चरम पर है। लगातार हो रहे हमलों और जवाबी कार्रवाइयों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।


भारत के LPG टैंकर सुरक्षित, नौसेना दे रही सुरक्षा

इसी बीच भारत के लिए राहत की खबर भी सामने आई है। होर्मुज स्ट्रेट से होकर भारत आ रहे दो LPG टैंकर सुरक्षित निकल चुके हैं। इन जहाजों—BW TYR और BW ELM—पर करीब 94 हजार मीट्रिक टन LPG लदी हुई है। इन टैंकरों को इंडियन नेवी की सुरक्षा दी जा रही है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, ये टैंकर इसी हफ्ते मुंबई पहुंच सकते हैं। इससे पहले भी चार भारतीय टैंकर इस मार्ग को पार कर चुके हैं, जबकि तीन अन्य अभी रास्ते में हैं।


अमेरिका-ईरान टकराव और तेल कीमतों में उछाल

इस बीच Donald Trump ने दावा किया है कि ईरान ने अमेरिका को 20 बड़े ऑयल शिप दिए हैं, जो होर्मुज स्ट्रेट से गुजरेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका इस अहम समुद्री रास्ते पर नियंत्रण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं, ईरान की चेतावनियों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला है। ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 1.7% बढ़कर 107 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गई है, जबकि US क्रूड भी 103 डॉलर के करीब ट्रेड कर रहा है। दूसरी ओर, कुवैत में ईरानी हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत की खबर है, जबकि दक्षिणी लेबनान में इजराइली एयरस्ट्राइक में 5 लोगों की जान चली गई। इन घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को और अधिक अस्थिर बना दिया है।

advertisement image