ईरान और इजरायल के बीच जंग से भारतीय शेयर बाजार में मची तबाही, निफ्टी 500 अंक तो सेंसेक्स 2000 अंक टूटा, लाखों करोड़ रुपये स्वाहा

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 02 Mar 2026, 02:15 pm
news-banner

ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर दिखा। सेंसेक्स 2700 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी और बैंक निफ्टी में भी भारी गिरावट रही। निवेशकों की संपत्ति में करीब 9 लाख करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई।

 ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने भारतीय शेयर बाजार को हिला कर रख दिया है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार में जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली। सुबह खुलते ही बीएसई सेंसेक्स 2743 अंक यानी 3.38 फीसदी गिरकर 78,543 पर खुला। वहीं Nifty 50 519 अंक यानी 2.06 फीसदी टूटकर 24,659 पर पहुंच गया। बैंक निफ्टी में भी 1300 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर 12.25 बजे तक बाजार में हल्की रिकवरी जरूर दिखी, लेकिन सेंसेक्स तब भी करीब 1500 अंक नीचे 79,790 पर और निफ्टी 24,727 के आसपास कारोबार करता नजर आया। निवेशकों के बीच अनिश्चितता और डर का माहौल साफ दिखाई दिया।


कच्चे तेल की तेजी ने बढ़ाई चिंता

वैश्विक तनाव का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी साफ दिखा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम 10 फीसदी से ज्यादा उछल गए हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर हालात और बिगड़ते हैं तो कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए यह चिंता की बात है, क्योंकि इससे महंगाई और चालू खाता घाटा बढ़ सकता है। सेक्टरवार देखें तो ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, बैंकिंग, हेल्थकेयर और फाइनेंशियल सभी लाल निशान में रहे। केवल मेटल सेक्टर में हल्की मजबूती देखने को मिली। बीएसई टॉप 30 में 29 शेयर गिरावट में रहे, सिर्फ बीईएल में करीब 1 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इंडिगो, एलएंडटी और अडानी पोर्ट्स जैसे दिग्गज शेयरों में 3 से 5 फीसदी तक की गिरावट रही।


9 लाख करोड़ की चपत, एशियाई बाजार भी दबाव में

भारी बिकवाली के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का मार्केट कैप शुक्रवार के 463.50 लाख करोड़ रुपये से घटकर सोमवार को करीब 454.60 लाख करोड़ रुपये रह गया। यानी निवेशकों की संपत्ति में लगभग 9 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। बीएसई पर एक्टिव 3,660 शेयरों में से 2,985 गिरावट में रहे और 162 शेयर लोअर सर्किट पर पहुंच गए। एशियाई बाजारों में भी दबाव देखने को मिला। जापान का Nikkei 225 874 अंक नीचे खुला। चीन का शंघाई समग्र सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भी गिरावट में रहे। वहीं ताइवान स्टॉक एक्सचेंज का मुख्य सूचकांक 2.3 फीसदी तक लुढ़क गया। जानकारों का कहना है कि जब तक भू-राजनीतिक हालात स्थिर नहीं होते, बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।


यह भी पढ़ें- बटुक से मारपीट के मामले में सीएम योगी ने पुलिस को लगाई फटकार, कहा- दोबारा शिकायत मिली तो ठीक नहीं होगा, मंदिर में सिपाही ने खींचे थे बाल

advertisement image