Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Mar 2026, 11:15 am
इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज चौथा दिन है और हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। इस बीच इजराइल ने तेहरान स्थित 500 साल पुराने गोलिस्तान पैलेस पर हमला किया है। हमले में महल का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ, हालांकि वहां रखी गई ऐतिहासिक और कीमती वस्तुओं को पहले ही सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था। ईरानी समाचार एजेंसी मेहर के अनुसार, इस हमले से सांस्कृतिक विरासत को बड़ा खतरा पैदा हुआ है। 16वीं सदी में सफवीद काल में बना यह महल लंबे समय तक ईरान के शासकों का केंद्र रहा और आज एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है। साल 2013 में इसे UNESCO की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था।
ट्रम्प की चेतावनी, जंग लंबी चलने के संकेत
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने अमेरिकियों से मिडिल ईस्ट छोड़ने की अपील की है। व्हाइट हाउस में दिए बयान में उन्होंने कहा कि ईरान पर अभी सबसे बड़ा हमला बाकी है और यह संघर्ष 4-5 हफ्तों तक चल सकता है। जरूरत पड़ी तो अभियान और लंबा भी खिंच सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक ईरान के 1000 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया गया है। शुरुआती 30 घंटों में 2000 से अधिक बम गिराए जाने की बात कही जा रही है। खबरों के अनुसार, अब तक 742 लोगों की मौत और 750 से ज्यादा के घायल होने की सूचना है। इनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
लेबनान और बहरीन तक बढ़ा टकराव
संघर्ष अब लेबनान और बहरीन तक फैलता दिख रहा है। इजराइली सेना ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है और कई गांवों को खाली कराने के आदेश दिए हैं। सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि नागरिकों को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं है, लेकिन हिजबुल्लाह की गतिविधियों के कारण बलपूर्वक कदम उठाने पड़ रहे हैं। दूसरी ओर, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने बहरीन में अमेरिकी एयर बेस पर ड्रोन और मिसाइल से हमला करने का दावा किया है। उधर हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजराइल के रामत डेविड एयरबेस पर ड्रोन से हमला करने की बात कही है। हालांकि इन दावों पर संबंधित देशों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब आने वाले कदमों पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें- ईरान-इजराइल वॉर, ईरानी हमले में भारतीय नागरिक की मौत, भारत में दो दिन में 760 से अधिक फ्लाइट्स कैंसिल