देश में एक और बड़ा हादसा, अब एयर एंबुलेंस क्रैश, 7 लोगों की मौत, रांची से दिल्ली जा रहा था विमान

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 24 Feb 2026, 11:05 am
news-banner

रांची से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस विमान चतरा के जंगलों में क्रैश हो गया। हादसे में पायलट, मरीज और मेडिकल स्टाफ समेत सात लोगों की मौत हो गई। खराब मौसम को कारण माना जा रहा है, जबकि महानिदेशालय ने जांच शुरू कर दी है।

झारखंड से दिल्ली जा रहा एक एयर एंबुलेंस विमान सोमवार शाम बड़ा हादसा बन गया। रांची से शाम 7 बजकर 11 मिनट पर उड़ान भरने वाला विमान करीब 23 मिनट बाद ही हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि 7 बजकर 34 मिनट के आसपास विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया और कुछ ही देर बाद वह चतरा जिले के समरिया के जंगलों में गिर गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि विमान में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पायलट, एक मरीज, उसके परिजन और मेडिकल स्टाफ शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था

जानकारी के मुताबिक यह विमान रेडबर्ड कंपनी का बीचक्राफ्ट किंग एयर बी90एल था, जिसे एयर एंबुलेंस के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। इसमें कैप्टन विवेक विकास भगत और कैप्टन सबराजदीप सिंह पायलट के रूप में सवार थे। मरीज संजय कुमार, जो 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे, उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। उनके साथ अर्चना देवी और धूरू कुमार बतौर परिजन मौजूद थे। डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिकल स्टाफ सचिन कुमार मिश्रा भी विमान में थे। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार परिवार ने गंभीर हालत को देखते हुए राजधानी में उपचार कराने का फैसला लिया था। लेकिन किसे पता था कि यह सफर आखिरी साबित होगा।


खराब मौसम बना वजह? जांच में जुटा महानिदेशालय

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार विमान ने खराब मौसम के कारण रास्ता बदलने की अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के कुछ ही समय बाद कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क और रडार कनेक्शन टूट गया। इसके बाद विमान के जंगल में गिरने की सूचना मिली। शुरुआती आशंका मौसम को लेकर जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। हाल के वर्षों में विमान हादसों को लेकर सुरक्षा पर सवाल उठते रहे हैं। इसी साल महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की भी विमान दुर्घटना में मौत हुई थी। वहीं पिछले वर्ष एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। ऐसे में यह हादसा एक बार फिर विमानन सुरक्षा पर गंभीर बहस खड़ी कर रहा है।


यह भी पढ़ें- महाकाल के दर्शन कर लौट रहे यूपी के चार दोस्तों की मौत, कोटा में ट्रक में घुसी कार, हादसे की खबर मिलते ही फफक पड़े परिवार

advertisement image