Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 14 May 2026, 04:34 pm
कानपुर के सचेंडी स्थित चकरपुर सब्जी मंडी में गुरुवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने अफरा-तफरी मचा दी। आग चबूतरा नंबर-6 स्थित एक फल आढ़त से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में पूरी मंडी धुएं और आग की लपटों से भर गई। आग इतनी भयावह थी कि लपटें करीब 50 फीट तक ऊंची दिखाई दे रही थीं। मंडी में मौजूद व्यापारी और कर्मचारी पहले खुद आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी तो सभी जान बचाकर बाहर भागे। घटना में 44 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग लगने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। कई किलोमीटर दूर से भी धुएं का गुबार देखा गया।
फायर ब्रिगेड देर से पहुंची, व्यापारियों में नाराजगी
मंडी के व्यापारियों ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। महिमा फ्रूट कंपनी के मालिक मनोज ने बताया कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक उनकी दुकान में रखे करीब एक हजार कैरेट अनार पूरी तरह जल चुके थे। उन्होंने करीब 15 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया। कई अन्य व्यापारियों ने भी लाखों रुपए के नुकसान की बात कही। किसी की दुकान में रखा लैपटॉप जल गया तो किसी के खाते और जरूरी दस्तावेज राख हो गए। व्यापारियों का आरोप है कि मंडी समिति ने आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे। अगर समय रहते अग्निशमन उपकरण मौजूद होते, तो नुकसान काफी कम हो सकता था। इस घटना के बाद व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, आग सबसे पहले मुन्ना ब्रदर्स की फल आढ़त में लगी थी। मंडी में बड़ी संख्या में प्लास्टिक की कैरेट रखी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलने के बाद पहले दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन हालात बिगड़ते देख बाद में 12 फायर टेंडर लगाए गए। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। मंडी सचिव विजिन बालियान ने बताया कि आग से करीब दो करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान है। प्रशासन अब नुकसान का आकलन करा रहा है और प्रभावित व्यापारियों को आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही जा रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी में फिर बदला मौसम, पश्चिम के 8 जिलों में बारिश, 38 शहरों में अलर्ट जारी, जानें अपने जिले का हाल