Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 21 Mar 2026, 02:03 pm
कानपुर में ईद का त्योहार इस बार पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर की बड़ी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। खास तौर पर बेनाझावर की बड़ी ईदगाह में सुबह 8 बजे पहली और 9:30 बजे दूसरी शिफ्ट में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद का माहौल बेहद खुशगवार रहा, जहां हर कोई एक-दूसरे से मिलकर खुशियां बांटता नजर आया। शहर में 300 से ज्यादा मस्जिदों में अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई, जिससे पूरे दिन त्योहार का माहौल बना रहा।
ईदगाहों में उमड़ी भीड़, नेताओं ने भी दी बधाई
कानपुर के जाजमऊ ईदगाह में करीब 45 हजार नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और विधायक अमिताभ बाजपेई भी लोगों के बीच पहुंचे। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर इरफान सोलंकी ने कहा कि वह चार साल बाद अपने लोगों के बीच ईद मना रहे हैं और यह उनके लिए खास पल है। उन्होंने सभी को ईद और नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए भाईचारे का संदेश दिया।
बच्चों और पुलिस के बीच दिखी आत्मीयता
ईद के मौके पर कई भावुक और खूबसूरत नजारे भी देखने को मिले। पिता अपने बच्चों को कंधे पर बैठाकर नमाज अदा करने पहुंचे, जिससे त्योहार की खुशी और बढ़ गई। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने एक बच्चे से हाथ मिलाकर उसे ईद की बधाई दी, वहीं पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने एक बच्चे को गोद में लेकर उसे दुलार किया। बच्चों ने भी नमाज के बाद दुआ पढ़ी और अपने बड़ों से आशीर्वाद लिया। ऐसे नजारों ने पूरे माहौल को और भी सकारात्मक बना दिया।
पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता, सौहार्द का संदेश
सचेंडी क्षेत्र में पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की। नमाज पढ़ने जा रहे एक दिव्यांग युवक को उप निरीक्षक योगेश कुमार और कांस्टेबल विपुल ने उठाकर सुरक्षित सड़क पार कराई। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस की जमकर सराहना की। घाटमपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी लोगों ने नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी। घरों में सेवइयों और पकवानों की खुशबू रही और लोगों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ ईदगाह पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव, जौनपुर में सड़क पर नमाज पढ़ रहे लोगों को हटाया गया