कानपुर गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिले यूपी कांग्रेस चीफ, बोले- पीड़िता को पुलिस जबरन ले गई, सरकार क्या छिपाने की कोशिश कर रही?

Curated By: | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Jan 2026, 02:22 pm
news-banner

कानपुर गैंगरेप मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने आरोपी दरोगा को बचाने का आरोप लगाते हुए योगी सरकार पर हमला बोला और पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा व नौकरी देने की मांग की।

कानपुर गैंगरेप केस के पीड़ित परिवार से यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मुलाकात की है। बुधवार को वह अचानक कानपुर पहुंचे और सचेंडी क्षेत्र में गैंगरेप पीड़िता के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़िता के पिता के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। अजय राय ने इस दौरान योगी सरकार और पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला और कहा कि इस पूरे मामले में कानून के रक्षक ही भक्षक बन गए हैं।


पुलिस पर आरोपी दरोगा को बचाने का आरोप
अजय राय ने कहा कि 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ एक दरोगा ने रेप किया, लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय उसे भागने का मौका दे दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आरोपी खुद पुलिस का आदमी है, तो वह कहां भाग जाएगा। इसके बावजूद पुलिस उसे बचाने में लगी है। अजय राय ने आरोप लगाया कि केवल दिखावे के लिए आरोपी पर इनाम घोषित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और पुलिस आम लोगों के बजाय अपराधियों के साथ खड़ी नजर आ रही है।


पीड़िता को पुलिस जबरन घर से ले गई
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस पीड़िता को जबरदस्ती घर से ले गई। उन्होंने कहा कि सरकार आखिर क्या छिपाना चाह रही है। वहीं, पीड़िता के पिता ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे पुलिस थाने से आई और कोर्ट में बयान दर्ज कराने की बात कहकर उनकी बेटी को अपने साथ ले गई। बेटी के साथ उसका भाई भी गया है। इस पर अजय राय ने सवाल उठाया कि जब आरोपी फरार है, तब पीड़िता को इस तरह घर से हटाने की क्या जरूरत थी।


50 लाख मुआवजे और नौकरी की मांग
अजय राय ने कहा कि पीड़ित परिवार की हालत बेहद खराब है। न उनके पास ढंग का मकान है, न खेत और न ही गांव में बुनियादी सुविधाएं हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, पीड़िता के लिए घर बनवाया जाए और जमीन उपलब्ध कराई जाए।


बुलडोजर कार्रवाई पर उठाए सवाल
अजय राय ने कहा कि प्रदेश में छोटे अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है, लेकिन इस मामले में आरोपी दरोगा के घर पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार निष्पक्ष है, तो दरोगा के घर पर बुलडोजर कब चलेगा। आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्य द्वारा मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर को लिखी गई चिट्ठी पर भी अजय राय ने सवाल उठाए और कहा कि जब आरोपी खुद सीबीआई जांच की मांग कर रहा है, तो इससे साफ है कि उसे सरकार और प्रशासन का संरक्षण मिला हुआ है।

यह भी पढ़ें- यूपी के युवाओं के लिए योगी सरकार का नया प्लान, मामला जान खुश हो जाएंगे आप

advertisement image