Curated By:
|
Hindi Now Uttar Pradesh • 13 Jan 2026, 10:57 am
कानपुर गैंगरेप मामले में आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्य बीते 8 दिनों से फरार है। पुलिस जहां एक ओर उसकी गिरफ्तारी में नाकाम साबित हो रही है, वहीं दूसरी ओर आरोपी दरोगा पीड़िता और उसके परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। पीड़िता के भाई को लगातार धमकी भरे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। पुलिस ने दरोगा पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। चर्चा है कि विभाग के अंदर के कुछ लोग ही आरोपी की मदद कर रहे हैं।
व्हाट्सऐप पर धमकी, परिवार में दहशत
12 जनवरी को पीड़िता के भाई के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सऐप मैसेज आया। मैसेज में लिखा था—“जिन पर भरोसा करते हो वही छोड़ देंगे, बाद में रोना आएगा… कोई मदद नहीं करेगा।” इसके बाद दूसरे मैसेज में आरोपी दरोगा को “बहुत शरीफ” बताते हुए केस वापस लेने का दबाव बनाया गया। मैसेज भेजने वाला खुद को ‘छोटू कुशवाह’ बता रहा था, हालांकि मैसेज भेजने के बाद नंबर स्विच ऑफ हो गया। पीड़िता के भाई ने ये चैट पुलिस को सौंप दी है। परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से उनकी बहन मानसिक रूप से टूट रही है और आरोपी के खुलेआम फरार होने से डर का माहौल बना हुआ है।
चार टीमें, फिर भी पुलिस के हाथ खाली
दरोगा की तलाश में कानपुर पुलिस की चार टीमें गोरखपुर, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। सर्विलांस टीम मोबाइल लोकेशन और CCTV फुटेज खंगाल रही है, जबकि क्राइम ब्रांच आरोपी के पुराने संपर्कों पर नजर बनाए हुए है। लोकल थाना पुलिस भी लगातार दबिश दे रही है। हालांकि, पुलिस के पास अब तक कोई पुख्ता इनपुट नहीं है। सर्विलांस के मुताबिक पहले दरोगा की लोकेशन बर्रा में मिली थी, उसके बाद प्रयागराज में ट्रेस हुई, लेकिन इसके बाद वह पूरी तरह गायब हो गया। पुलिस को आशंका है कि वह कानपुर में ही अंडरग्राउंड होकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है।
5 जनवरी की रात हुआ था गैंगरेप
मामले की शुरुआत 5 जनवरी की रात हुई, जब 14 साल की पीड़िता घर से बाहर निकली थी। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्य और यूट्यूबर शिवबरन यादव उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर सचेंडी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास ले गए। सुनसान जगह पर दोनों ने कार के अंदर गैंगरेप किया और करीब दो घंटे बाद बेहोशी की हालत में उसे घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। शुरुआती स्तर पर पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की थी। बाद में पुलिस कमिश्नर से मिलने के बाद मुकदमा दर्ज हुआ। DCP वेस्ट कासिम आबिदी का कहना है कि सभी टीमें अलर्ट मोड पर हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कानपुर में गैंगरेप पीड़िता ने सुनाई आपबीती, यूट्यूबर ने मुंह दबोचा, दरोगा ने पकड़े पैर, 45 मिनट तक की हैवानियत