Curated By:
|
Hindi Now Uttar Pradesh • 11 Jan 2026, 11:35 am
कानपुर जिले के एक गांव में तालाब के पास शौच के लिए गई युवती के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि काली स्कॉर्पियो सवार दो लोगों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया, जिनमें से एक पुलिस की वर्दी में था। आरोप है कि दोनों ने रेलवे पटरी के पास ले जाकर करीब 45 मिनट तक उसके साथ दरिंदगी की और फिर उसे छोड़कर फरार हो गए। मामले में एक दरोगा और एक यूट्यूबर पर आरोप लगे हैं, जिसके बाद गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
तालाब जाते समय किया अपहरण, पुलिस वर्दी देखकर नहीं हुआ शक
पीड़िता ने बताया कि 5 जनवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर के पीछे 200 मीटर दूर तालाब की ओर गई थी। इसी दौरान वहां एक काली स्कॉर्पियो आकर रुकी। गाड़ी से दो लोग उतरे और उसे जबरन खींचकर अंदर ले जाने लगे। पीड़िता के मुताबिक, पुलिस की वर्दी पहने व्यक्ति ने उसके पैर पकड़ लिए, जबकि दूसरे युवक ने मुंह दबाकर हाथ जकड़ लिए। डर के मारे वह कुछ कर नहीं पाई। गाड़ी में बैठाने के बाद वर्दीधारी व्यक्ति ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। जब उसने सवाल किया कि वे कौन हैं और कहां ले जा रहे हैं, तो उसे थप्पड़ मारकर जान से मारने की धमकी दी गई।
रेलवे पटरी के पास 45 मिनट तक दरिंदगी
पीड़िता के अनुसार, स्कॉर्पियो को रेलवे पटरी के पास ले जाकर रोका गया, जहां दोनों आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से रेप किया। चीखने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। वारदात करीब 45 मिनट तक चली, जिसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह वह रोते-बिलखते घर पहुंची और अपने भाई को पूरी घटना बताई। उसी रात डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पीड़िता का आरोप है कि चौकी पहुंचने पर उसने आरोपी युवक को पहचान लिया, जबकि बाद में दरोगा की भी पहचान हुई। हालांकि, दरोगा थाने से फरार हो गया।
गरीबी, डर और धमकियों के बीच न्याय की लड़ाई
पीड़िता का परिवार बेहद गरीब है। पिता हादसे में दोनों पैर गंवा चुके हैं और मां की मौत के बाद पीड़िता ने पढ़ाई छोड़कर घर की जिम्मेदारी संभाल ली थी। घटना के बाद वह सदमे में है और ठीक से खाना भी नहीं खा पा रही। परिवार का आरोप है कि आरोपियों के परिजन समझौते का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। गांव में पुलिस बल तैनात है, लेकिन लोगों में डर और गुस्सा दोनों साफ नजर आ रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- यूपी में 8वीं की छात्रा के गजब कांड, घरवालों को नींद की दवा खिलाकर प्रेमी से मिलने जाती थी लड़की, पूरा मामला जान दंग रह जाएंगे आप!