Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 17 Apr 2026, 02:37 pm
कानपुर में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस की गिरफ्त में आया एक शातिर बदमाश अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर से ही फरार हो गया। पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया था और तीन दरोगा व एक सिपाही की कड़ी निगरानी में रखा गया था। लेकिन चंद पलों की लापरवाही ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए। जैसे ही आरोपी के भागने की खबर फैली, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हर कोई यही सोच रहा था कि आखिर इतनी सुरक्षा के बीच आरोपी कैसे निकल गया।
चंद मिनटों की चूक, और पुलिस के हाथ से फिसल गया आरोपी
गार्ड के मुताबिक, घटना के समय दो दरोगा अस्पताल के बाहर बनी चौकी में चले गए थे। एक दरोगा बाहर खड़ा था, जबकि एक सिपाही ऑपरेशन थिएटर के पास तैनात था। इसी बीच मौका देखकर आरोपी चुपचाप ऑपरेशन थिएटर से बाहर निकला और वहां से फरार हो गया। यह वही बदमाश था जिसने महज 24 घंटे पहले हाईवे पर तमंचे के दम पर युवक से बाइक और मोबाइल लूट लिया था। आरोपी की पहचान जूही परमपुरवा निवासी मुन्ना के रूप में हुई। उसकी फरारी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया।
अस्पताल से भागने के बाद कुछ ही घंटों में पुलिस ने फिर दबोचा
आरोपी के भागते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस उपायुक्त क्राइम श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे फरारी की सूचना मिलते ही आसपास के सभी चौराहों पर घेराबंदी कर दी गई। स्वॉट, सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत एक्टिव कर दी गईं। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के इनपुट के आधार पर तलाश तेज कर दी गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी को झाड़ियों में छिपा हुआ बरामद कर लिया। इस सफलता के लिए टीम को 25 हजार रुपए का इनाम भी दिया गया।
बर्रा थाना क्षेत्र में तमंचा दिखार युवक से की थी लूट, मुठभेड़ में गिरफ्तार
दरअसल, आरोपी ने गुरुवार सुबह बर्रा क्षेत्र में एक युवक को निशाना बनाया था। तमंचा तानकर उससे बाइक और मोबाइल लूट लिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने सख्त चेकिंग शुरू की। रात करीब 2 बजे संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसकी पहचान मुन्ना के रूप में हुई। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था। अब इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की सतर्कता और लापरवाही दोनों को उजागर कर दिया है।