Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Feb 2026, 02:24 pm
कानपुर के पनकी स्थित पीएसआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज में बुधवार सुबह छात्र आक्रोशित हो उठे। करीब तीन हजार छात्रों ने कॉलेज परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की और न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की। दरवाजों, खिड़कियों और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया गया। हालात बिगड़ते देख सचेंडी, पनकी, अरमापुर, कल्याणपुर समेत कई थानों की फोर्स और पीएसी को मौके पर बुलाया गया। दोपहर करीब एक बजे पुलिस और छात्रों के बीच झड़प भी हुई, जिसमें हल्का बल प्रयोग किया गया। भगदड़ के दौरान एक छात्रा घायल हो गई। पूरा मामला सोमवार को बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र प्रखर सिंह की सड़क हादसे में हुई मौत से जुड़ा है, जिसे लेकर छात्र लगातार कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
हादसे के विरोध में फूटा गुस्सा
छात्रों के मुताबिक कैंपस में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। सोमवार शाम छुट्टी के बाद प्रखर सिंह बाइक से निकल रहे थे, तभी धूल के गुबार के बीच आगे खड़ी जेसीबी से टकरा गए। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों और साथियों का आरोप है कि समय पर बेहतर इलाज मिलता तो जान बच सकती थी। वहीं कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि हादसा परिसर से बाहर हुआ। इस घटना के बाद छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, जेसीबी चालक की गिरफ्तारी और निर्माण कार्य पर रोक जैसी मांगें रखीं।
लिखित आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की। डीसीपी वेस्ट ने आश्वासन दिया कि दोषियों पर कार्रवाई होगी। छात्रों के लिखित मांगने पर कॉलेज प्रबंधन ने कुछ प्रमुख मांगें स्वीकार कीं। मृतक छात्र के परिवार को आर्थिक सहायता और फीस वापसी, सुरक्षा कर्मियों पर कार्रवाई, निर्माण कार्य के दौरान सावधानी और प्रवेश व्यवस्था में बदलाव जैसे निर्णय लिए गए। इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई, हालांकि कैंपस में एहतियातन पुलिस बल तैनात रहा।
यह भी पढ़ें- 'वाराणसी कोर्ट में 1 बजे होंगे 15 बम ब्लास्ट', धमकीभरे ईमेल से मचा हड़कंप, दो घंटे चला तलाशी अभियान