कानपुर में रीलबाज दरोगा पर युवक को पीटने का आरोप, व्यापारियों ने बाजार बंद कर किया प्रदर्शन

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 16 May 2026, 02:04 pm
news-banner

कानपुर में पटकापुर चौकी इंचार्ज पर युवक को चोरी के शक में पीटने और थर्ड डिग्री देने का आरोप लगा है। घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कानपुर। राम नारायण बाजार में इलेक्ट्रिक दुकान पर काम करने वाले एक युवक ने पटकापुर चौकी इंचार्ज पर थर्ड डिग्री देने और बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि चोरी के शक में उसे बहाने से चौकी बुलाया गया, जहां चौकी इंचार्ज ने पूछताछ के दौरान उसके साथ मारपीट की। घटना के विरोध में शुक्रवार को बाजार के व्यापारियों ने दुकानें बंद कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपी दरोगा पर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित कमल कश्यप उर्फ चौपट ने बताया कि वह राम नारायण बाजार स्थित मधु इलेक्ट्रॉनिक एंड साउंड सिस्टम की दुकान में काम करता है। गुरुवार शाम मोहल्ले के एक युवक ने सामान उठवाने के बहाने उसे पटकापुर चौकी बुलाया, जहां चौकी इंचार्ज प्रशांत सिंह सोमवंशी ने चोरी के शक में पूछताछ शुरू कर दी।


40 सेकेंड में 15 तमाचे मारने और थर्ड डिग्री देने का आरोप

पीड़ित कमल के मुताबिक, चोरी से इनकार करने पर चौकी इंचार्ज ने करीब 30 से 40 सेकेंड में उसके दोनों गालों पर लगातार 15 तमाचे जड़ दिए। आरोप है कि इसके बाद उसकी उंगलियों के बीच सूजा फंसाकर पैरों से दबाया गया और थर्ड डिग्री दी गई। कमल ने बताया कि चौकी में मौजूद पुलिस का मुखबिर और उसका साथी लगातार दरोगा को उकसाते रहे। यहां तक कि मुखबिर ने कथित तौर पर कहा कि युवक की आंख में मिर्च डाल दो, तब सच बोलेगा। युवक ने कहा कि वह लगातार खुद को बेकसूर बताता रहा, लेकिन उसकी एक नहीं सुनी गई। जब व्यापारियों को मामले की जानकारी हुई तो वे चौकी पहुंच गए और युवक के खिलाफ सबूत व सीसीटीवी फुटेज की मांग करने लगे। इसके बाद करीब तीन घंटे बाद कमल को छोड़ा गया।


व्यापारियों ने बाजार बंद कर जताया विरोध

घटना से नाराज व्यापारियों ने शुक्रवार सुबह अपनी दुकानें बंद कर दीं और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। सूचना पर पहुंची फीलखाना थाना पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस बीच चौकी इंचार्ज प्रशांत सिंह सोमवंशी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। दरोगा इससे पहले वर्दी में बनाई गई सोशल मीडिया रील्स को लेकर भी विवादों में रह चुके हैं। एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


यह भी पढ़ें- डार्लिंग सिर्फ तुम्हारे लिए 2 पेपर आउट किया कब मिलोगे, प्रोफेसर ने छात्रा को कॉल करके मिलने का दबाव बनाया, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

advertisement image