Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Feb 2026, 11:54 am
कानपुर: कानपुर-सागर हाईवे पर पिछले 12 घंटे से भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। बिधनू थाना क्षेत्र के रमईपुर चौराहे के पास देर रात दो ट्रक खराब हो जाने के कारण यातायात बाधित हो गया। शुरुआती प्रयासों के बाद भी ट्रैफिक पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सका और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह तक यह जाम करीब 30 किलोमीटर तक फैल गया, जिससे हजारों वाहन चालक और यात्री घंटों तक फंसे रहे। जाम में एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हादसे के बाद लौटी पुलिस, रात में बढ़ा ट्रैफिक दबाव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक खराब होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचआई की क्रेन से वाहनों को किनारे कराया गया। कुछ समय के लिए यातायात सामान्य भी हुआ, लेकिन बाद में पुलिस बल के लौटने और सहालग के चलते ट्रैफिक दबाव बढ़ गया। कई भारी वाहन आड़े-तिरछे खड़े हो गए और कुछ डंपर चालक रात में सो गए, जिससे हाईवे पर अव्यवस्था फैल गई। नतीजतन रातभर जाम खुलवाने की कोशिशें जारी रहीं, लेकिन सुबह तक स्थिति और गंभीर हो गई।
सुबह तक 30 किलोमीटर तक फैली वाहनों की कतार
रमईपुर चौराहे से लेकर पतारा चौकी क्षेत्र तक ट्रक, बस, कार और अन्य वाहन जाम में फंसे नजर आए। यात्रियों को न तो खाने-पीने की सुविधा मिल सकी और न ही वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच पाए। कई स्कूली वाहन और एंबुलेंस भी घंटों तक जाम में फंसी रहीं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर निगरानी होती तो हालात इतने खराब नहीं होते।
टीकाकरण कार्यक्रम पर पड़ा असर
पतारा के चिकित्साधीक्षक डॉ. अभिषेक कटियार ने बताया कि वे करीब डेढ़ घंटे से जाम में फंसे रहे। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत एएनएम को समय पर पहुंचना था, लेकिन जाम के कारण देरी हुई, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ा।
डायवर्जन लागू कर यातायात सामान्य करने की कोशिश
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यातायात को सुचारु करने के लिए डायवर्जन लागू किया जा रहा है और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- यूपी में दो बड़े हादसे, मथुरा-औरैया में नहर में गिरीं दो कार, मच गई चीख-पुकार, 7 की मौत से मचा मातम