पति की रिहाई की मांग को लेकर 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी महिला, बोली-पति को छोड़ों नहीं तो कूद जाऊंगी

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 12 May 2026, 02:10 pm
news-banner

कानपुर में पति की रिहाई की मांग को लेकर एक महिला पुलिस कमिश्नर ऑफिस परिसर में बने 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। महिला ने पति को जेल से छोड़ने की मांग करते हुए कूदने की धमकी दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा।

कानपुर में सोमवार को पुलिस कमिश्नर ऑफिस परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने पति की रिहाई की मांग को लेकर करीब 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ते ही महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि उसके पति को जेल से छोड़ा जाए, नहीं तो वह कूदकर जान दे देगी। महिला को टावर पर चढ़ा देख परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।


पुलिस अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की

घटना की जानकारी मिलते ही स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को समझाते हुए कहा कि वह पहले नीचे उतर आए, तभी उसकी बात सुनी जा सकेगी। अधिकारियों ने महिला को भरोसा दिलाया कि उसे जज साहब के पास ले जाकर उसकी बात रखी जाएगी। हालांकि महिला अपनी मांग पर अड़ी रही और कहती रही कि जब तक उसके पति को जेल से रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। करीब आधे घंटे बाद अपर पुलिस आयुक्त विपिन ताडा भी मौके पर पहुंचे और महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुई।


पास्को एक्ट में जेल में बंद है पति

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला का पति पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद है। महिला का आरोप है कि उसके पति के साथ अन्याय हुआ है और पुलिस की कार्यशैली पर उसे भरोसा नहीं है। मौके पर मौजूद अधिवक्ता संदीप सिंह ने बताया कि जब भी कोई महिला को बचाने या नीचे उतारने की कोशिश करता, वह और ऊपर चढ़ जाती थी। पुलिस ने एहतियात के तौर पर लैडर भी मंगवाई, लेकिन महिला के असंतुलित व्यवहार को देखते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन को सावधानी से आगे बढ़ाया गया।


पुलिस और प्रशासन अलर्ट

घटना के दौरान पुलिस ने पूरे परिसर को घेर लिया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने लोगों से मौके से दूर रहने की अपील की ताकि महिला को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद पुलिस और प्रशासन महिला को सुरक्षित नीचे लाने के प्रयास में जुटे रहे। घटना को लेकर परिसर में देर तक तनाव का माहौल बना रहा।


यह भी पढ़ें- कानपुर के उर्सला अस्पताल में डीएम ने किया निरीक्षण, 22 डॉक्टर समेत 32 स्वास्थ्य कर्मचारी मिले गायब, डीएम ने लगाई फटकार

advertisement image