देश में फिर लौटा मिट्टी का तेल, अब पेट्रोल पंपों पर मिलेगा केरोसिन, डीजल-पेट्रोल संकट के बीच केंद्र सरकार ने लिया फैसला

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Mar 2026, 07:56 am
news-banner

केंद्र सरकार ने पेट्रोल पंपों पर भी केरोसिन उपलब्ध कराने का बड़ा फैसला लिया है। 60 दिनों के लिए नियमों में ढील दी गई है ताकि सप्लाई आसान हो सके और जरूरतमंद लोगों तक समय पर ईंधन पहुंचाया जा सके।

नई दिल्ली। देश में ईंधन को लेकर बढ़ती चिंता के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब राशन की दुकानों के साथ-साथ पेट्रोल पंपों पर भी केरोसिन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का कहना है कि यह फैसला मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए लिया गया है, ताकि जरूरतमंद लोगों तक समय पर ईंधन पहुंचाया जा सके। इसके तहत सरकारी तेल कंपनियां अब तय किए गए पेट्रोल पंपों पर केरोसिन का भंडारण और वितरण कर सकेंगी।


हर जिले में दो पेट्रोल पंपों पर मिलेगी सुविधा

सरकार के निर्देश के अनुसार, हर जिले में अधिकतम दो पेट्रोल पंपों को इस सुविधा के लिए चुना जाएगा। इन पंपों पर अधिकतम 5 हजार लीटर तक केरोसिन रखा जा सकेगा। इससे उन इलाकों में राहत मिलने की उम्मीद है, जहां सार्वजनिक वितरण प्रणाली के जरिए समय पर सप्लाई नहीं पहुंच पा रही थी। अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से वितरण प्रक्रिया तेज होगी और लोगों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खासतौर पर ग्रामीण और गरीब परिवारों के लिए यह फैसला काफी राहत भरा साबित हो सकता है।


नियमों में ढील देकर सप्लाई को किया आसान

सरकार ने 60 दिनों के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों में ढील दी है। इसके तहत केरोसिन बांटने वाले एजेंट और डीलरों को लाइसेंस लेने से अस्थायी छूट दी गई है। साथ ही टैंकरों से केरोसिन उतारने के नियम भी सरल किए गए हैं। पेट्रोल पंपों को अस्थायी रूप से केरोसिन स्टोर और बेचने की अनुमति दी गई है। सरकार का कहना है कि इससे सप्लाई में किसी तरह की रुकावट नहीं आएगी और जरूरतमंद परिवारों तक तेल समय पर पहुंच सकेगा।


सरकार बोली- पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों से बचें

सरकार ने साफ किया है कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं। पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता भी सामान्य बनी हुई है। एलपीजी की सप्लाई को लेकर भी स्थिति नियंत्रण में है और एक दिन में 55 लाख से ज्यादा सिलेंडर डिलीवर किए जा रहे हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर खरीदारी न करें। इसके अलावा केरोसिन और अन्य वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि मांग और सप्लाई के बीच संतुलन बना रहे।

advertisement image