लखनऊ KGMU में धर्मांतरण के आरोपी डॉक्टर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, लैपटॉप में मिले 500 से अधिक गंदे वीडियो, 800 पेज की रिपोर्ट में खुलासा

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Feb 2026, 01:27 pm
news-banner

लखनऊ के केजीएमयू से जुड़े प्रकरण में डॉ. रमीजुद्दीन नायक के खिलाफ 800 पेज की चार्जशीट दाखिल की गई है। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पीड़िताओं के बयान शामिल किए हैं। माता-पिता समेत चार आरोपियों के खिलाफ अदालत में मामला विचाराधीन होगा।

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से जुड़े बहुचर्चित प्रकरण में आरोपी डॉ. रमीजुद्दीन नायक के खिलाफ पुलिस ने 800 से अधिक पेज की विस्तृत चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। इस मामले में कुल चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार चार्जशीट में दो पीड़िताओं के बयान, डिजिटल साक्ष्य और फॉरेंसिक रिपोर्ट शामिल की गई हैं। आरोप है कि डॉ. रमीजुद्दीन ने महिला डॉक्टर को शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया, जबरन गर्भपात कराया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। मामला सामने आने के बाद इसे लेकर चिकित्सा जगत में भी काफी चर्चा रही।


डिजिटल साक्ष्यों में 4TB डेटा, सैकड़ों आपत्तिजनक वीडियो

जांच के दौरान आरोपी के पास से बरामद तीन लैपटॉप की फोरेंसिक जांच कराई गई। पुलिस का दावा है कि इनमें करीब 12 साल से अधिक अवधि का लगभग 4TB डेटा मिला है। जांच में 500 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो पाए जाने की बात कही गई है, जिन्हें चार्जशीट का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पढ़ाई के समय से ही इस तरह की गतिविधियों में लिप्त था। डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण को केस में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे अभियोजन पक्ष को अदालत में मजबूती मिलने की उम्मीद है।


शादी का झांसा, शोषण और मानसिक उत्पीड़न के आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने खुद को सहायक और हमदर्द बताकर उसके करीबियां बढ़ाईं। शादी का वादा कर संबंध बनाए और बाद में मतांतरण के लिए दबाव डालने लगा। इनकार करने पर कथित रूप से शादी से मुकर गया। शिकायत में जबरन गर्भपात और धमकी देने के आरोप भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था। तहरीर के आधार पर चौक कोतवाली में दुष्कर्म, गर्भपात कराने, धमकी और मतांतरण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।


माता-पिता और अन्य सहयोगी भी आरोपी

दाखिल चार्जशीट में डॉ. रमीजुद्दीन के अलावा उसके पिता सलीमुद्दीन, मां खतीजा और निकाह में गवाह बने शारिक खान को भी नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार सात अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। अब प्रकरण में अगली सुनवाई अदालत में होगी, जहां साक्ष्यों के आधार पर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।


यह भी पढ़ें- शंकराचार्य मामले में बड़ा दावा, मेडिकल रिपोर्ट में नाबालिगों से कुकर्म की पुष्टि, पीड़ित बटुक बोला- अविमुक्तेश्वरानंद ने शोषण किया

advertisement image