Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Apr 2026, 10:56 am
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर फरधान थाना क्षेत्र के लखनापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर मदद में देरी के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद कई बार फरधान थाना पुलिस को फोन किया गया, लेकिन समय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। न तो कॉल रिसीव हुई और न ही पुलिस मौके पर तुरंत पहुंची। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। बाद में नीमगांव थाना क्षेत्र की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों घायलों को जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बारात से लौट रहे थे सभी लोग
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग फरधान थाना क्षेत्र के कैमासुर गांव में एक बरात में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लखनापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइकों को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान हितेश शुक्ला (42), हरिकिशन (40), अनुज कुमार (35) और आदर्श कुमार (28) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में कार चालक भानु प्रताप उर्फ शालू सिंह और गुंजन शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- उन्नाव में भीषण सड़क हादसा, वार्ड बॉय समेत तीन की मौत, एक की हालत गंभीर, मच गया कोहराम