Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Nov 2025, 06:21 pm
महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रिसलपुर भोथहा में मंगलवार दोपहर तेंदुए ने अचानक हमला कर पांच लोगों को घायल कर दिया। गांव के पास जंगल किनारे बकरियां चराने गए ग्रामीणों पर हुए इस हमले से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्राम पंचायत निवासी राहुल साहनी (19) बकरियां चरा रहा था, तभी झाड़ियों से निकलकर तेंदुए ने पहले एक बकरी पर हमला किया और फिर राहुल पर झपट पड़ा। राहुल की चीख सुनकर गांव के विकास (30), राजकुमार, राजेश और सलमान खान (19) उसे बचाने दौड़े, लेकिन तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह तेंदुए को भगाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी के डॉक्टरों ने बताया कि सलमान को हल्की चोट थी, इसलिए उसे इलाज के बाद घर भेज दिया गया, जबकि बाकी चार की हालत गंभीर है।
वन विभाग की कॉम्बिंग जारी, सतर्क रहने की अपील
घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी रेंजर मोहन सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों को चेतावनी दी कि तेंदुआ पकड़े जाने या उसके जंगल लौटने तक कोई भी व्यक्ति जंगल या उसके आसपास न जाए।
घटना से डरे ग्रामीण, घरों में कैद हुए लोग
गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से क्षेत्र में जंगली जानवर की सक्रियता के संकेत मिल रहे थे, लेकिन अचानक हुए हमले ने भय कई गुना बढ़ा दिया है। लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और इलाके में लगातार गश्त करने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोका जा सके।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, बदमाशों ने मां-बेटी के साथ जो किया, जानकर हिल जाएंगे आप!