Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 07 Nov 2025, 11:44 am
प्रयागराज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेमिका से परेशान होकर प्रेमी ने सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है कि प्रेमिका उसके घर में जबरन घुस गई थी और वह उसके कमरे में रहने लगी थी। घर वालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था। वह उसे भगा रहे थे, लेकिन लड़की जाने को तैयार नहीं थी। वह अपने प्रेमी से कह रही थी कि पहले मेरी मांग भरो या फिर मेरी मांग पूरी करो, तभी मैं जाऊंगी। उसने कहा कि मुझसे शादी करो या फिर 15 लाख रुपये दो। वह चार दिनों से प्रेमी के घर पर बनी हुई थी। इससे परेशान होकर प्रेमी नदी में कूद गया और उसकी मौत हो गई।
मामला कौंधियारा थाना क्षेत्र के पिपरहटा गांव का है, जहां 22 वर्षीय शेषमणि यादव ने टोंस नदी में कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि प्रेमिका उसके घर पर बिना शादी किए रहने लगी थी और उस पर सिंदूर भरने का दबाव डाल रही थी। शेषमणि दूध डेयरी चलाता था और उसका पड़ोस की एक लड़की से दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही जाति के थे, इसलिए उन्हें उम्मीद थी कि शादी में कोई दिक्कत नहीं होगी। लेकिन जब शेषमणि ने घरवालों से बात की तो उन्होंने इस रिश्ते से इंकार कर दिया और उसे लड़की से दूर रहने की कसम दिलाई। परिवार के कहने पर युवक ने रिश्ता तोड़ दिया, मगर प्रेमिका ने यह बात मानने से इनकार कर दिया।
बिना शादी जबरन प्रेमी के कमरे में रहने लगी प्रेमिका
1 नवंबर को लड़की बिना शादी के शेषमणि के घर पहुंच गई और जबरन उसके कमरे में रहने लगी। उसने साफ कहा कि मैंने प्यार किया है, अब यही मेरा घर और ससुराल है। शेषमणि और उसके घरवालों ने उसे कई बार समझाने और भगाने की कोशिश की, मगर वह नहीं मानी। घर में लगातार झगड़े, गाली-गलौज और मारपीट जैसी स्थिति बनने लगी। इस बीच लड़की ने घर से जाने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की। युवक ने यह रकम देने की हामी भर दी, लेकिन कुछ देर बाद लड़की 15 लाख रुपये की मांग करने लगी। साथ ही धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसी तनाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर शेषमणि बुधवार सुबह घर से निकला और कुछ देर बाद टोंस नदी में कूद गया। गोताखोरों ने करीब 10 घंटे बाद उसका शव बरामद किया।
साजिश के तहत पैसे ऐंठने की कोशिश, तीन गिरफ्तार
मृतक की बहन गीत ने बताया कि भाई का लड़की से कोई गलत संबंध नहीं था, बल्कि वह अपने परिवार के दबाव में फंसा हुआ था। लड़की उसके घरवालों को बदनाम करने और पैसे ऐंठने की कोशिश कर रही थी। कौंधियारा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने, ब्लैकमेलिंग और वसूली के आरोप में युवती मोहिनी यादव, उसके पिता राजकुमार यादव और एक 16 वर्षीय रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी कुलदीश शर्मा के मुताबिक यह एक प्लैनिंग के तहत किया गया है, जिसमें लड़की ने युवक पर लगातार दबाव बनाकर पैसे ऐंठने की कोशिश की। मामले की आगे जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पुलिस के पास पहुंचे सीनियर डॉक्टर, बोले मुझे बचा लो साहब, बीवी मुझे मार डालेगी, पूरा मामला जान शॉक्ड हो जाएंगे आप!