Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Sep 2025, 12:23 pm
यूपी के बुलंदशहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां प्रेमी-प्रेमिका ने पुलिस के सामने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों पिछले पांच दिनों से घरवालों और पुलिस से छिपते फिर रहे थे। घरवालों की शिकायत पर पुलिस दोनों को पकड़ने पहुंची थी। पुलिस आने की बात उन्हें पता चली तो दोनों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और पुलिस के सामने ही गोली मार ली।
बताया जा रहा है कि युवक मूल रूप से हरिद्वार का निवासी था, जबकि युवती मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी। युवक हाल ही में लूट के मामले में जेल से बाहर आया था। जैसे ही पुलिस को दोनों की लोकेशन का पता चला। देर रात मकान को घेर लिया गया। परिवार के लोग भी मौके पर मौजूद थे। युवती के फूफा ने स्पीकर से आवाज लगाई कि डरने की कोई बात नहीं है, बाहर आ जाओ, लेकिन दोनों ने दरवाजा नहीं खोला। पुलिस ने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की तो अचानक गोलियों की आवाज गूंजी। जब अधिकारी पहुंचे तो दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे। पूरे कमरे में खून ही खून था और मांस के लोथड़े बिखरे पड़े थे। उनके सिर पर गोली के निशान थे।
प्रिंस ने पहले जिया को मारी गोली, फिर खुद ने कर लिया सुसाइड
पुलिस का अनुमान है कि युवक ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। मौके से तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुआ। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक युवक का नाम प्रिंस (26) था, जो हरिद्वार के फकरेड़ा भगवानपुर का रहने वाला था। वह कई वर्षों से अपने ननिहाल मुजफ्फरनगर के छपार गांव में रह रहा था। करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती 16 वर्षीय जिया से हुई, जो पड़ोस में रहती थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई, लेकिन जिया गुर्जर समाज से और प्रिंस जाट समाज से था, इसलिए परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे।
शुक्रवार को जिया हुई घर से लापता, परिजनों ने पुलिस से की शिकायत
19 सितंबर की रात जिया घर से लापता हो गई। पिता ने गांववालों से पूछताछ की तो पता चला कि प्रिंस उसे अपने साथ ले गया है। 22 सितंबर को इसकी रिपोर्ट छपार थाने में दर्ज कराई गई। इसी बीच प्रिंस, जिया को लेकर बुलंदशहर के डिबाई कस्बे में अपने फूफा प्रमोद के घर आ गया। प्रमोद ने उसे विरोध जताते हुए लड़की को घर वापस ले जाने की बात कही। पुलिस ने रात भर मकान की घेराबंदी की। बार-बार अनाउंसमेंट के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो अधिकारियों ने अंदर घुसने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों ने खुद को गोली मार ली। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि युवक ने पहले प्रेमिका की हत्या की और फिर खुद की जान ले ली। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रिंस पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह करीब 25 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। वहीं जिया 11वीं कक्षा की छात्रा थी।
यह भी पढ़ें- बुर्का पहनकर गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा युवक, ग्रामीणों को हुआ शक, फिर जो हुआ, आप कहेंगे ये तो होना ही था!