IPL से पहले लखनऊ की पूरी टीम पहुंची अयोध्या, मालिक पंत गोयनका समेत सभी खिलाड़ियों ने किए रामलला के दर्शन

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 21 Mar 2026, 04:39 pm
news-banner

आईपीएल से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अयोध्या पहुंची और रामलला के दर्शन किए। कप्तान ऋषभ पंत और मालिक संजीव गोयनका के गले मिलने का पल चर्चा में रहा, वहीं फैंस में खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने का जबरदस्त उत्साह दिखा।

आईपीएल से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम 21 मार्च को अयोध्या पहुंची, जहां खिलाड़ियों ने रामलला के दर्शन किए। इस दौरान टीम के मालिक संजीव गोयनका और कप्तान ऋषभ पंत भी साथ रहे। दर्शन के बाद मंदिर की सीढ़ियों पर दोनों पहले हाथ मिलाते नजर आए, फिर गले मिले। यह पल वहां मौजूद लोगों के लिए खास बन गया। टीम के अयोध्या पहुंचते ही फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई खिलाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाने को उत्साहित दिखा।


मंदिर में विधि-विधान से कराए गए दर्शन

राम मंदिर में टीम के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और मैनेजमेंट को मंदिर प्रशासन की ओर से प्रसाद और पीले रंग का रामनामी पटका दिया गया। सभी खिलाड़ियों ने भगवान राम के बाल स्वरूप के दर्शन किए और राम दरबार में भी मत्था टेका। मंदिर के अर्चकों ने मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से दर्शन कराए। इस दौरान टीम के सदस्य शांत और श्रद्धा भाव में नजर आए। यह दौरा खिलाड़ियों के लिए आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ आईपीएल से पहले सकारात्मक शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।


30 सदस्यीय दल दो बसों से पहुंचा अयोध्या

टीम का करीब 30 सदस्यीय दल तड़के दो बसों में सवार होकर अयोध्या पहुंचा था। इसमें खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और टीम मैनेजमेंट के सदस्य शामिल रहे। इस दौरान तेज गेंदबाज मयंक यादव, नमन तिवारी, प्रिंस यादव, मुकुल चौधरी और अर्शिन कुलकर्णी के साथ फील्डिंग कोच भरत अरुण, हेड कोच जस्टिन लैंगर और टीम डायरेक्टर टॉम मूडी भी मौजूद रहे। दर्शन के बाद टीम ने मंदिर परिसर में ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।


फैंस में दिखा जबरदस्त उत्साह, सेल्फी के लिए उमड़ी भीड़

जैसे ही खिलाड़ी मंदिर से बाहर निकले, फैंस का उत्साह देखने लायक था। खासतौर पर ऋषभ पंत के साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों में काफी क्रेज दिखा। कई फैंस टीम के मालिक संजीव गोयनका के साथ भी फोटो खिंचवाते नजर आए। इस दौरान खिलाड़ियों ने मंदिर को बैकग्राउंड में रखकर सोलो और ग्रुप फोटो भी लिए। आईपीएल से पहले टीम का यह दौरा फैंस और खिलाड़ियों दोनों के लिए यादगार बन गया।


यह भी पढ़ें- क्रिकेटर कुलदीप यादव की शादी का ग्रैंड रिसेप्शन आज, लखनऊ के सेंट्रम होटल में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू, धोनी, कोहली, जय शाह समेत 900 से अधिक बड़ी हस्तियां होंगी शामिल

advertisement image