Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 11 May 2026, 04:58 pm
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिल्हौर के अरौल क्षेत्र में एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक पलट गया और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बस और ट्रक चालक समेत 13 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को कानपुर रेफर किया गया। इनमें से दो लोगों की रास्ते में मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 221 पर अरौल टोल प्लाजा के पास हुआ। टेग्रा एक्सप्रेस की डबल डेकर बस पटना से करीब 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। जिस ट्रक से टक्कर हुई उसमें आरारोट लदा था और वह सिलीगुड़ी से सहारनपुर जा रहा था। हादसे के बाद बस में कई यात्री फंस गए थे। एसीपी सुभाष चंद्र और इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राहत कार्य चलाकर यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस का कहना है कि बस की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक होने का अनुमान है।
कई राज्यों के यात्री हुए घायल
घायलों में बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के यात्री शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल नीरज, बबलू और रितेश को कानपुर रेफर किया गया था। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और पलटे ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल रहा और कई लोग देर तक सहमे हुए दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें- एमपी के धार में बड़ा हादसा, 12 से अधिक लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल, पीएम मोदी और सीएम मोहन ने किया मुआवजे का एलान