Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 01 May 2026, 01:42 pm
लखनऊ एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दुबई जाने वाले एक यात्री के बैग से अवैध तमंचा बरामद हुआ। सुरक्षा जांच के दौरान एयरपोर्ट अधिकारियों ने युवक को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। मामला सरोजनी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने तमंचा जब्त कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक गोंडा जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र के चांदपुर लखपत राय गांव निवासी 22 वर्षीय महेश कुमार चौहान शुक्रवार सुबह करीब 5:45 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा था। वह एयर इंडिया की फ्लाइट आईएक्स-193 से दुबई जाने वाला था। बुकिंग काउंटर पर लगेज की सुरक्षा जांच के दौरान उसके बैग की स्कैनिंग की गई, जिसमें संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में 12 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ।
सुरक्षा जांच में खुला मामला
तमंचा मिलने के बाद एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद उसे सरोजनी नगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने जब युवक से तमंचे का लाइसेंस और संबंधित दस्तावेज मांगे, तो वह कोई वैध कागज नहीं दिखा सका। शुरुआती पूछताछ में युवक ने बताया कि वह नौकरी के सिलसिले में दुबई जा रहा था। हालांकि उसके बैग में तमंचा कैसे पहुंचा, इसका संतोषजनक जवाब वह नहीं दे पाया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक तमंचा अपने साथ क्यों ले जा रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
दुबई कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक तमंचे को दुबई में किसी अवैध कारोबार के लिए सैंपल के तौर पर ले जा रहा था। इसी एंगल से पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। बरामद तमंचे को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, यात्रा दस्तावेज और संपर्कों की भी जांच कर रही है। एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां भी इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसके पीछे कोई गिरोह सक्रिय है या नहीं।
यह भी पढ़ें- सपा मुखिया का पुतला जलाते समय आग में झुलसीं बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल, हाल जानने अस्पताल पहुंचे अखिलेश यादव