लखनऊ में अलविदा की नमाज के बाद अमेरिका-इजराइल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, पैरों से कुचले दोनों देशों के झंडे, भारी पुलिस फोर्स तैनात

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 13 Mar 2026, 04:03 pm
news-banner

लखनऊ में अलविदा की नमाज के बाद बड़ा इमामबाड़ा के पास अमेरिका और इजराइल के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर नारेबाजी करते रहे और तस्वीरें जलाकर विरोध जताया। प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी।

रमजान के आखिरी जुमा यानी अलविदा की नमाज के बाद लखनऊ में अमेरिका और इजराइल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद के ऐलान के बाद बड़ी संख्या में लोग नमाज के बाद बड़ा इमामबाड़ा के पास इकट्ठा हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। नमाज से पहले शहर की कई मस्जिदों के गेट पर जमीन पर अमेरिका और इजराइल के झंडे लगाए गए थे, जिन पर से गुजरते हुए नमाजी मस्जिदों के अंदर पहुंचे। नमाज के बाद तय कार्यक्रम के अनुसार लोग बड़ा इमामबाड़ा के बाहर जमा हुए और अमेरिका व इजराइल के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


बड़ा इमामबाड़ा के बाहर तस्वीरें जलाकर किया विरोध

नमाज के बाद शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान बड़ा इमामबाड़ा के बाहर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तस्वीरें जलाकर विरोध जताया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘नेतन्याहू आतंकवादी’ और ‘ट्रंप आतंकवादी’ जैसे नारे लगाए। कई लोग हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे थे। प्रदर्शन में शामिल नकी हैदर ने कहा कि अमेरिका और इजराइल मासूम लोगों और बच्चों पर हमले कर रहे हैं, जिसका दुनिया भर में विरोध होना चाहिए। वहीं प्रदर्शन में शामिल अमरीन ने कहा कि यह देशों की नहीं बल्कि विचारधाराओं की लड़ाई है, जिसमें अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष दिख रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोग लगातार नारेबाजी करते रहे।


शहर की प्रमुख मस्जिदों में अदा की गई अलविदा की नमाज

शुक्रवार को अलविदा जुमे के मौके पर लखनऊ की प्रमुख मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। ऐशबाग स्थित ईदगाह मस्जिद में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की अगुआई में नमाज अदा की गई। वहीं बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में शिया समुदाय के लोगों ने मौलाना कल्बे जव्वाद की इमामत में दोपहर एक बजे नमाज पढ़ी। इसके अलावा टीले वाली मस्जिद समेत शहर की कई छोटी-बड़ी मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद से ही बड़ा इमामबाड़ा के आसपास लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती रही और प्रदर्शन कई घंटों तक चलता रहा।


भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन और कड़ी सुरक्षा

अलविदा की नमाज और प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पुराने लखनऊ के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया। टीले वाली मस्जिद और बड़ा इमामबाड़ा के आसपास पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालती नजर आईं। प्रशासन का कहना है कि पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


यह भी पढ़ें- LPG संकट पर सदन के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन, दोनों सदनों में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी

advertisement image