यूपी की राजधानी से आई सनसनीखेज खबर, बर्थडे पार्टी में चली गोली, 7वीं के छात्र की गोली लगने से मौत, जानें पूरा मामला

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Mar 2026, 03:35 pm
news-banner

लखनऊ के सरोजिनी नगर क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान चली गोली से 7वीं के छात्र उनैज की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मामला आकस्मिक फायरिंग का प्रतीत होता है। तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

राजधानी लखनऊ में जन्मदिन की पार्टी के दौरान चली गोली से 7वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। घटना सरोजिनी नगर क्षेत्र के बेहसा शहीद पथ की है। 13 वर्षीय उनैज अपने दोस्त के जन्मदिन समारोह में गया था, जहां कथित तौर पर खेल-खेल में चली गोली उसके माथे पर लग गई। उसे तत्काल लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।


दोस्तों के साथ गया था पार्टी में, शाम को मिली मौत की खबर

मृतक के पिता जमीर खान, जो इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाते हैं, ने बताया कि उनके बेटे को उसके क्लासमेट नवनीत अपने घर जन्मदिन मनाने के लिए ले गया था। कार में नवनीत के साथ कार्तिकेय और अभिनव भी मौजूद थे। शाम करीब साढ़े सात बजे परिवार को फोन कर सड़क दुर्घटना की सूचना दी गई। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली। पिता का आरोप है कि बेटे के माथे के बीच गोली लगी थी और घटना को छिपाने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी कहा कि पहले अभिभावक-शिक्षक बैठक में धमकी दी गई थी।


लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, तीन नाबालिग हिरासत में

अपार्टमेंट के एक निवासी के अनुसार, बच्चे पहले पार्किंग में खड़ी कार में बैठे थे, जहां एक लाइसेंसी पिस्टल रखी थी। बताया जा रहा है कि बच्चे उसे लेकर फ्लैट में लौटे और उसी दौरान गोली चल गई। पुलिस के अनुसार यह प्रथम दृष्टया आकस्मिक फायरिंग का मामला प्रतीत होता है। पुलिस उपायुक्त निपुण अग्रवाल ने बताया कि पार्टी में मौजूद तीनों नाबालिग लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


यह भी पढ़ें- कानपुर में म्यूजिक टीचर से रेप, हिंदू बनकर प्रेम के जाल में फंसाया, प्रेगनेंट होने पर धर्मपरिवर्तन का बनाया दबाव, जानें पूरा मामला

advertisement image