'लखनऊ कोर्ट में जज के चैंबर में लगे हैं 12 आरडीएक्स आईईडी', मच गया हड़कंप, पाकिस्तान की धमकी पर बम स्कॉयड टीम कर रही जांच

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Feb 2026, 01:06 pm
news-banner

लखनऊ कोर्ट को ई-मेल से बम धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। कोर्ट परिसर में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जबकि साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है।

लखनऊ कोर्ट को सोमवार सुबह ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। वजीरगंज पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुबह से ही कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों की जांच की गई और कई इलाकों को अस्थायी रूप से खाली भी कराया गया। फिलहाल तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी जोखिम को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं और पूरे परिसर की बार-बार जांच की जा रही है।


ई-मेल में न्यायाधीशों के चेंबर में विस्फोटक लगाने का दावा

सुबह करीब 8:38 बजे भेजे गए ई-मेल में दावा किया गया कि न्यायाधीशों के चेंबर में कई विस्फोटक उपकरण लगाए गए हैं, जो जल्द फट सकते हैं। मेल में दोपहर तक परिसर खाली कराने की चेतावनी भी दी गई थी। ई-मेल एक आउटलुक आईडी से भेजा गया, जिसके अंत में LTTE और ISI का उल्लेख किया गया था। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस तरह की धमकियों में अक्सर भ्रम फैलाने की कोशिश भी की जाती है, इसलिए हर पहलू की जांच की जा रही है। साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि ई-मेल के स्रोत का पता लगाया जा सके।


कोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा कड़ी, जांच जारी

घटना के बाद कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस बल को अलग-अलग प्रवेश द्वारों पर तैनात किया गया है और हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सतर्कता बरती जा रही है। इससे पहले भी कुछ दिनों पूर्व कोर्ट परिसर में सुरक्षा जांच की गई थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।


यह भी पढ़ें- BREAKING: लखनऊ-काशी समेत यूपी की 5 अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप, लोगों की एंट्री पर बैन, पुलिस कर रही छानबीन

advertisement image