लखनऊ में पीट-पीटकर पुजारी की हत्या, गांजा बेचने का विरोध करने पर चुकानी पड़ी जान की कीमत

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Feb 2026, 05:51 pm
news-banner

लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र में शीतला माता मंदिर के पुजारी कल्लू बाबा की हत्या कर दी गई। उनका शव मंदिर के पीछे 20 फीट गहरे गड्ढे में मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में एक मंदिर पुजारी की हत्या से सनसनी फैल गई है। 60 वर्षीय कल्लू प्रजापति उर्फ कल्लू बाबा का शव शीतला माता मंदिर के पीछे करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में मिला। उनके माथे पर गंभीर चोट के निशान थे और गला घोंटने के भी संकेत मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।


सुबह गड्ढे में मिला शव, इलाके में मचा हड़कंप

घटना 19 फरवरी की रात की बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे आश्रयहीन कॉलोनी के रहने वाले एक युवक ने मंदिर के पास बने गड्ढे में शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि कल्लू बाबा के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था। गला दबाने के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हुई है। कल्लू बाबा पिछले लगभग 40 वर्षों से मंदिर में रहकर पूजा-पाठ कर रहे थे। वह मूल रूप से उन्नाव जिले के रहने वाले थे और कॉलोनी के लोगों के बीच उनकी पहचान एक शांत स्वभाव के पुजारी के रूप में थी।


परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुरानी रंजिश की बात

परिजनों का आरोप है कि कल्लू बाबा को पहले मंदिर से बाहर निकालकर सड़क पर पीटा गया। इसके बाद सिर पर वार कर गला घोंटा गया और शव को गड्ढे में फेंक दिया गया। मृतक के भाई पुत्तीलाल ने बताया कि पास में रहने वाली एक महिला और उसके भाइयों से पहले से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंदिर की लाइट बंद करने को लेकर 19 फरवरी की रात कहासुनी भी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में राहुल रावत, अंकित तिवारी और राहुल कनौजिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


यह भी पढ़ें- यूपी में दो बड़े हादसे, मथुरा-औरैया में नहर में गिरीं दो कार, मच गई चीख-पुकार, 7 की मौत से मचा मातम

advertisement image