Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 31 Mar 2026, 12:13 pm
लखनऊ में सोमवार शाम एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह फ्लाइट पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से दिल्ली जा रही थी, तभी अचानक हवा में पायलट के केबिन में धुआं महसूस हुआ। उस समय विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। स्थिति को गंभीर मानते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर ‘मेडे कॉल’ जारी किया। इसके बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारने की अनुमति दी गई और शाम 5:17 बजे फ्लाइट की सफल लैंडिंग करा ली गई। इस दौरान फ्लाइट में सवार सभी 148 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित रहे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मेडे कॉल के बाद खुल गए ऑक्सीजन मास्क, यात्रियों में दहशत
सूत्रों के मुताबिक, पायलट को कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल से धुआं निकलने की आशंका हुई थी। जैसे ही ‘मेडे कॉल’ किया गया, फ्लाइट में लगे ऑक्सीजन मास्क अपने आप खुल गए। अचानक मास्क खुलने से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। केबिन क्रू ने तुरंत स्थिति संभाली और यात्रियों को मास्क पहनने का तरीका बताया। सभी यात्रियों ने निर्देशों का पालन किया, जिससे किसी तरह की अफरा-तफरी की स्थिति नहीं बनी। फ्लाइट को सुरक्षित उतारने के लिए पायलट ने तेजी से फैसला लिया और लखनऊ में लैंडिंग कराई गई।
यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा गया, कुछ को होटल में ठहराया
लैंडिंग के बाद फ्लाइट को एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर खड़ा कर दिया गया, जहां सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने जांच शुरू कर दी। कई यात्रियों को दूसरी फ्लाइट्स के जरिए दिल्ली भेज दिया गया, जबकि कुछ यात्रियों को होटल में ठहराया गया है। हालांकि, यात्रियों ने सोशल मीडिया पर कंपनी की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी भी जाहिर की है और समय पर जानकारी न मिलने की शिकायत की है।
जांच जारी, धुएं का कारण अभी स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जांच में अभी तक धुएं या आग लगने का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। तकनीकी टीम विमान के सभी सिस्टम की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही सही वजह का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, सभी यात्रियों के सुरक्षित होने से राहत की बात है, लेकिन इस घटना ने उड़ान के दौरान सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच 26वें दिन युद्ध जारी, कुवैत के एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन अटैक, इराकी लड़ाकों ने 23 अमेरिकी ठिकानों पर किया हमला