लखनऊ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण, रिकॉर्ड समय में काम पूरा करने वाले श्रमिकों को किया सम्मानित, लाखों लोगों को मिलेगा फायदा

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 13 Mar 2026, 05:01 pm
news-banner

लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के दूसरे चरण का लोकार्पण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। समता मूलक चौराहे पर फीता काटकर कॉरिडोर जनता को समर्पित किया गया और तीसरे-चौथे चरण का शिलान्यास भी किया गया।

लखनऊ में शुक्रवार को गोमती नदी के किनारे बन रहे ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के दूसरे चरण का लोकार्पण रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ किया। समता मूलक चौराहे पर दोनों नेताओं ने फीता काटकर ग्रीन कॉरिडोर फेज-2 को जनता को समर्पित किया। इस दौरान परियोजना के तीसरे और चौथे चरण का शिलान्यास भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड समय में निर्माण कार्य पूरा करने वाले श्रमिकों को भी सम्मानित किया गया। लोकार्पण के बाद झूलेलाल पार्क में जनसभा का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं और नेताओं के संबोधन का इंतजार कर रहे हैं।


गोमती के दोनों किनारों पर 57 किमी लंबा बनेगा ग्रीन कॉरिडोर

गोमती नदी के दोनों किनारों पर विकसित किया जा रहा ग्रीन कॉरिडोर कुल 57 किलोमीटर लंबा होगा, जिसे चार चरणों में तैयार किया जा रहा है। परियोजना के दूसरे चरण में समता मूलक चौक से निशातगंज होते हुए हनुमान सेतु डालीगंज तक छह लेन की चौड़ी सड़क बनाई गई है। सड़क के दोनों ओर करीब 11.50 मीटर चौड़ाई रखी गई है ताकि यातायात सुगम रह सके। इस हिस्से में आधुनिक डिजाइन के साथ मल्टीलेन रोड और हरियाली पर भी खास ध्यान दिया गया है। ग्रीन कॉरिडोर का एंट्री प्वाइंट समता मूलक चौराहे को भी खास तौर पर सजाया गया है। इसके शुरू होने से समता मूलक से निशातगंज तक लोगों को बिना जाम के सफर करने में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।


करीब 10 लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण के शुरू होने से शहर के करीब 10 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस परियोजना का दूसरा चरण करीब 1519 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इससे पहले 11 मार्च 2024 को परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण किया गया था, जिसमें आईआईएम रोड से पक्का पुल तक करीब 16.8 किलोमीटर लंबा पुल बनाया गया था। अब तीसरे और चौथे चरण के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया है, जिसकी लागत लगभग 1220 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह हिस्सा पिपराघाट से किसान पथ तक कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएगा, जिससे शहर के ट्रैफिक सिस्टम को नई रफ्तार मिलेगी।


नेताओं ने परियोजना को बताया लखनऊ के विकास की बड़ी पहल

कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ के विकास में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में शहर में कई बड़े विकास कार्य हुए हैं, जिनसे लखनऊ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर बनने से डालीगंज से आईआईएम रोड तक का सफर काफी आसान हो जाएगा और लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह ने सिटी मॉन्टेसरी स्कूल के सुशांत गोल्फ सिटी कैंपस में नए शैक्षणिक भवन का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर मेयर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


यह भी पढ़ें- यूपी में सिलेंडर को लेकर जमकर चले लात-घूसे, 400 मीटर लगी लंबी लाइन, महिला बोली- मन कर रहा कि खुदकुशी कर लूं

advertisement image