अफेयर से नाराज पिता ने की बेटी की हत्या, गला दबाया, फिर तेबाज से चेहरा जलाया, लाश बाराबंकी में फेंका

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Apr 2026, 05:05 pm
news-banner

लखनऊ में पिता ने दोस्त के साथ मिलकर 16 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए चेहरा तेजाब से जलाया और शव बाराबंकी में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही नाबालिग बेटी की हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए किशोरी के चेहरे को तेजाब से जला दिया गया और शव को बाराबंकी के कुर्सी रोड किनारे फेंक दिया गया। आरोपी ने घटना को छिपाने के लिए बेटी के लापता होने की झूठी कहानी रची और ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद रविवार को पिता और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।


झाड़-फूंक के बहाने ले जाकर की वारदात

पुलिस के मुताबिक, 13 अप्रैल को आरोपी पिता विजय कुमार चौबे अपनी 16 वर्षीय बेटी चांदनी को झाड़-फूंक के बहाने घर से बाहर ले गया। उसके साथ उसका दोस्त अब्दुल मन्नान भी मौजूद था। दोनों ने मिलकर बाराबंकी के बड्डूपुर इलाके में शारदा नहर के पास कार में ही किशोरी का गला दबाकर हत्या कर दी। चांदनी ने बचने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने मिलकर उसका गला तब तक दबाए रखा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई, लेकिन लोगों की आवाजाही देख आरोपी डर गए।


पहचान छिपाने के लिए चेहरा जलाया, सड़क किनारे फेंका शव

हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान मिटाने के लिए किशोरी के चेहरे को तेजाब से जला दिया और शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। 15 अप्रैल को बाराबंकी में पुलिस को एक अज्ञात किशोरी का शव मिला था, जिसकी पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने फोटो मिलान कराया, तब शव की पहचान चांदनी के रूप में हुई।


IGRS पर दर्ज कराई थी झूठी शिकायत, ऐसे खुला राज

घटना को छिपाने के लिए आरोपी पिता ने 16 अप्रैल को ऑनलाइन पोर्टल पर बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ, जब पता चला कि वह खुद बेटी को अपने साथ ले गया था। सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन गोंडा में मिली, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सारा सच सामने आ गया।

advertisement image