फुफेरे भाई की हैवानियत से टूटी बीए छात्रा, सुसाइड नोट ने खोला दर्दनाक सच, जानिए पूरा मामला

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 31 Dec 2025, 12:16 pm
news-banner

लखनऊ के पारा इलाके में बीए छात्रा से फुफेरे भाई ने दुष्कर्म किया। आहत छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। सुसाइड नोट में आरोपी का नाम सामने आया है। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।

राजधानी लखनऊ के पारा इलाके से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां बीए की छात्रा के साथ उसके ही फुफेरे भाई ने दुष्कर्म किया। मानसिक रूप से आहत छात्रा ने हरदोई स्थित अपने गांव जाकर 25 दिसंबर को जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद मिले सुसाइड नोट ने पूरे मामले को झकझोर कर रख दिया है। नोट में छात्रा ने साफ तौर पर अपने फुफेरे भाई पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है और अपनी मौत का जिम्मेदार भी उसी को ठहराया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


घर में रहने वाले फुफेरे भाई पर गंभीर आरोप
मूल रूप से हरदोई जिले की रहने वाली छात्रा अपने परिवार के साथ पारा इलाके में रहती थी। पिता सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। छात्रा गांव के एक निजी डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। पिता के मुताबिक 15 दिसंबर को वह पत्नी और दो बेटों के साथ गांव चले गए थे, जबकि छात्रा पारा स्थित घर में अपनी नानी के साथ थी। इसी दौरान घर में रह रहा बहन का बेटा, जो पिछले छह साल से वहीं रहकर ई-रिक्शा चला रहा था, ने कथित तौर पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। 18 दिसंबर को छात्रा अचानक गांव पहुंची, लेकिन उसने किसी को कुछ नहीं बताया। अंदर ही अंदर वह इस सदमे से जूझती रही।


जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, सुसाइड नोट से खुला राज
25 दिसंबर की शाम छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद जब परिजनों ने छात्रा का मोबाइल फोन चेक किया तो उसमें सुसाइड नोट की फोटो मिली। साथ ही उसकी लोअर से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। नोट में छात्रा ने लिखा कि उसके साथ फुफेरे भाई ने दुष्कर्म किया था और विरोध करने पर पिता की हत्या की धमकी दी गई थी। उसने साफ लिखा कि उसकी मौत के लिए माता-पिता या परिवार नहीं, बल्कि वही आरोपी जिम्मेदार है और उसे सजा मिलनी चाहिए।


 आरोपी फरार, तहरीर का इंतजार कर रही पुलिस
छात्रा के पिता का कहना है कि जिसे उन्होंने अपने घर में जगह दी, उसी ने उनके भरोसे का कत्ल कर दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसका फोन बंद आ रहा है। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है, लेकिन फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों की आड़ में हो रहे अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


यह भी पढ़ें- निर्भया जैसा एक और कांड, चलती कार में युवती से रैंगरेप, फिर जो हुआ, पूरा मामला जानकर हिल जाएंगे आप!

advertisement image