Curated By:
|
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Jan 2026, 02:07 pm
राजधानी लखनऊ के पीजीआई कैंपस में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक निकाह की जिद को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर युवक लगातार एक लड़की का नाम लेकर चिल्लाता रहा और कहता रहा कि उससे उसका निकाह कराया जाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पीजीआई प्रशासन मौके पर पहुंच गया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
करीब एक घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
मामला पीजीआई थाना क्षेत्र का है। मंगलवार सुबह इरशाद खान नामक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई और युवक की हालत को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एहतियातन टावर के आसपास के इलाके को खाली कराया और लोगों की आवाजाही रोक दी। टावर पर चढ़े युवक को नीचे उतारने के लिए पुलिस ने बातचीत शुरू की, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं था। करीब एक घंटे तक यह हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग भी जमा हो गए। पुलिस लगातार उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करती रही।
PGI इलाके में रेस्क्यू कार्यों के लिए जाना जाता है युवक
बताया जा रहा है कि इरशाद खान पीजीआई क्षेत्र का ही रहने वाला है और आसपास के गांवों व कैंपस में जंगली जीवों के रेस्क्यू के लिए जाना जाता है। वह कई बार पीजीआई परिसर के अंदर निकलने वाले अजगर, बिज्जू और अन्य जंगली जानवरों का सुरक्षित रेस्क्यू कर चुका है। पिछले साल अस्पताल परिसर में करीब 10 फीट लंबा अजगर निकलने पर भी इरशाद ने ही उसे सुरक्षित पकड़ा था। इसके अलावा इसी 4 जनवरी को पीजीआई के पल्मोनरी वार्ड की तीसरी मंजिल पर स्थित वेटिंग हॉल में जंगली बिल्ली (बिज्जू) दिखने पर भी इरशाद को बुलाया गया था, जिसने बिना नुकसान पहुंचाए उसे पकड़कर गौतमखेड़ा जंगल में छोड़ दिया था।
पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना पर पीजीआई प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जोन के कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल परिसर पहुंचे और मौजूदा हालात व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक की। लंबी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया। युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर पीजीआई के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक के इस कदम के पीछे की वजहों को समझने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए।
यह भी पढ़ें- मेट्रो ब्रिज के नीचे से गुजर रहा था कार चालक, मौत से हो गया सामना, बाल-बाल बचा, मामला जान शॉक्ड हो जाएंगे आप