लखनऊ में किसान पथ पर भीषण हादसा, SUV और बाइक में टक्कर से दो की मौत, एक महिला गंभीर घायल

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Mar 2026, 05:44 pm
news-banner

लखनऊ के किसान पथ पर तेज रफ्तार एसयूवी और बाइक की टक्कर में ससुर-दामाद की मौके पर मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर घायल हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में ससुर और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के किसान पथ पर करीब चार बजे हुई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक एसयूवी के दाईं ओर अंदर घुस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।




रिश्तेदार के घर जा रहे थे ससुर-दामाद

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मोहनलालगंज के गोपाल खेड़ा निवासी सुशील कुमार (46) और उनके ससुर मुन्नी लाल (60) के रूप में हुई है। हादसे में सुशील कुमार की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि तीनों लोग बाइक से एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। जब वे किसान पथ पर पहुंचे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ब्लैक एसयूवी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही सुशील कुमार और मुन्नी लाल की मौत हो गई।




हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक किसान पथ पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। साथ ही घायल महिला को तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और एसयूवी चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम का माहौल है।

यह भी पढ़ें- ईरान में फंसा शिया धर्मगुरु का परिवार, खाड़ी देशों में लखनऊ के सवा लाख लोग, फोन पर सुनाई देती हैं धमाकों की आवाज

advertisement image