Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Mar 2026, 11:18 am
लखनऊ में यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई है। राजधानी में इस परीक्षा के लिए 54 स्कूल और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा कराई जा रही है। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन चेकिंग की जा रही है। कुछ स्थानों पर अभ्यर्थियों के जूते तक उतरवाए गए, वहीं महिला अभ्यर्थियों की पायल और बिछिया भी उतरवा दी गई। परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो-दो पालियों में आयोजित की जा रही है। आज पहली पाली में करीब 22 हजार अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हो रही है। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं।
कमांड सेंटर से हो रही सभी केंद्रों की निगरानी
दरोगा भर्ती परीक्षा की निगरानी के लिए लखनऊ में एक कमांड सेंटर बनाया गया है। यहां से सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी फुटेज पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश को तुरंत पकड़ने के लिए यह व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कई स्तरों पर जांच की जा रही है। कई जगहों पर अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि जांच प्रक्रिया के कारण उन्हें परेशानी न हो। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से कराने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
केंद्रों पर तीन लेयर की सख्त चेकिंग
कई परीक्षा केंद्रों पर तीन स्तर की सख्त चेकिंग की व्यवस्था की गई है। केकेवी केंद्र पर पहले गेट पर पुलिसकर्मी अभ्यर्थियों की जांच कर रहे हैं, इसके बाद अंदर दस्तावेजों की जांच की जा रही है और अंत में आधार ऑथेंटिकेशन किया जा रहा है। चारबाग के पास जय नारायण पीजी कॉलेज में भी अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू हो चुकी है और वहां भी जूते, काला धागा जैसी चीजें उतरवाकर जांच की जा रही है। एक केंद्र पर एक महिला अभ्यर्थी का सेंटर गलत निकल गया, जिसके बाद सही सेंटर की जानकारी मिलने पर वह वहां पहुंचने के लिए दौड़ लगाती नजर आई।
4543 पदों के लिए 15.75 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 के तहत कुल 4543 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। इस भर्ती के लिए प्रदेश भर से 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के कारण यह परीक्षा प्रदेश की बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में गिनी जा रही है। भर्ती बोर्ड के अनुसार परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुल 1090 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- आगरा के कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस लीक, पूरा गांव कराया गया खाली, 6 बच्चों समेत 25 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती